पंजाब डेस्क: फिल्लौर से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां 14 साल की एक नाबालिग लड़की ने एंबुलेंस में ही बच्चे को जन्म दिया। जन्म के 6 दिन बाद नवजात की मौत हो गई। परिवार ने बच्चे के शव को श्मशानघाट में दफना दिया। वहीं पुलिस ने बच्ची की शिकायत पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
एंबुलेंस में हुआ प्रसव
जानकारी के अनुसार, नाबालिग लड़की को कुछ दिन पहले पेट में तेज दर्द होने लगा। उसका मामा उसे एंबुलेंस से सिविल अस्पताल फिल्लौर ले जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही बच्ची ने एंबुलेंस में बेटे को जन्म दे दिया। डॉक्टरों ने लड़की की उम्र कम होने के कारण प्राथमिक इलाज के बाद उसे जालंधर के अस्पताल रेफर कर दिया।
ये भी पढ़ें: मणिपुर के खनपी गांव में मुठभेड़, सेना ने 4 उग्रवादियों को किया ढेर
6 दिन बाद बच्चे की मौत
परिवार के मुताबिक, बच्चे की हालत जन्म से ही नाजुक थी और इलाज के दौरान 6 दिन बाद उसकी मौत हो गई। दुखी परिवार ने बिना किसी को बताए नवजात को श्मशानघाट में दफना दिया।
पुलिस की कार्रवाई
फिल्लौर पुलिस ने इस मामले में जीरो FIR दर्ज कर नाबालिगा के गांव की पुलिस को सूचना दी। वहां की पुलिस ने आरोपी व्यक्ति के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं के तहत केस दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया। बाद में पुलिस ने परिवार के साथ श्मशानघाट पहुंचकर बच्चे का शव निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
पुलिस पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि उसका परिवार बहुत गरीब है। मां-बाप मजदूरी करते हैं और घर का खर्च चलाना मुश्किल था। इसी वजह से उसकी मां ने उसे एक घर में काम पर लगा दिया था। वहीं घर का मालिक (आरोपी) उससे जबरन रेप करने लगा। वह मुझे डराता-धमकाता था कि अगर किसी को बताया तो जान से मार देगा। इसलिए मैंने किसी को कुछ नहीं बताया। वह कई बार मेरे साथ गलत काम करता था। पेट में दर्द रहने पर उसने अपनी मां को बताया। तब मां ने उसे उस घर से हटा दिया और फिल्लौर के पास अपने भाई (बच्ची के मामा) के घर छोड़ आई। कुछ समय बाद जब उसका पेट बढ़ने लगा तो मामा को शक हुआ और सच्चाई सामने आई। तब तक बच्ची गर्भवती हो चुकी थी और घर से बाहर निकलना भी बंद कर दिया गया।
ये भी पढ़ें: अमेरिका में अंग्रेजी में फेल हो गए 7000 ट्रक ड्राइवर, इतने लाख भारतीयों पर लटकी तलवार
जांच जारी
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है। अधिकारियों ने बताया कि नाबालिग का बयान दर्ज कर लिया गया है और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

