
जालंधर: ‘गणपति बप्पा मोरया’ और ‘गजानन म्हारे घर आओ’ के जयकारों से शहर का माहौल भक्तिमय हो गया। गणेश चतुर्थी के अवसर पर श्रद्धालुओं ने अपने घरों, मंदिरों और भव्य पंडालों में प्रथम पूज्य एवं विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश की प्रतिमाएं विधि-विधान के साथ स्थापित कीं। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर भगवान गणेश से सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। रंग-बिरंगे गुलाल, फूलों और आकर्षक सजावट से पंडालों की रौनक देखते ही बन रही थी।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को भगवान गणेश का जन्म हुआ था। इसी कारण इस दिन को गणेश चतुर्थी के रूप में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। वहीं उत्सव मंडल कमेटी लाल बाजार की ओर से भी मिट्ठा बाजार स्थित मंदिर में श्री गणेश चतुर्थी पर्व श्रद्धा और धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर भगवान गणेश की प्रतिमा के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा मिट्ठा बाजार से शुरू होकर माई हीरां गेट, अड्डा होशियारपुर चौक, फगवाड़ा गेट, श्री राम चौक, भगवान वाल्मीकि चौक सहित शहर के विभिन्न बाजारों से होते हुए लाल बाजार पहुंची।
शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों की धुन पर झूमते नजर आए और जगह-जगह भगवान गणेश के जयकारे लगाए गए। लाल बाजार पहुंचने के बाद कमेटी के सदस्यों ने भगवान गणेश की प्रतिमा को रथ से उतारकर विधि-विधान के साथ निर्धारित पवित्र स्थान पर विराजमान किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
📍 Location: जालंधर मीठा बाजार (जालंधर)
मेष: दिन शुभ रहेगा...