Dainik Savera Times

सिद्ध शक्तिपीठ श्री देवी तालाब मंदिर से निकली विशाल श्रीराम नवमी शोभायात्रा

जालंधर : मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की विशाल शोभायात्रा धूमधाम से संत समाज की अध्यक्षता तथा मां त्रिपुरमालिनी की पावन अखंड ज्योति की अगुवाई में निकाली गई। इस दौरान मां त्रिपुरमालिनी की पावन अखंड ज्योति और श्रीरामलला का दर्शन करने के लिए पूरा शहर उमड़ पड़ा। पूरा शहर जय श्रीराम के नारों से गूंजता रहा और भगवा झंडों से पटा रहा। पूरा शहर राममय हो गया। आगे मां त्रिपुरमालिनी की पावन अखंड ज्योति और पीछे से हजारों भक्तों की सेना जिधर से गुजरती थी, देखने वालों की भीड़ टूट पड़ती थी।

इस विशाल श्रीरामनवमी शोभायात्रा में हजारों की संख्या में श्रीराम जी के भक्तजनों का सैलाब उमड़ा रहा। हर किसी की जुबां पर बस प्रभु श्रीराम जी का ही नाम था। सिद्ध शक्तिपीठ श्री देवी तालाब मंदिर प्रबंधक कमेटी की तरफ से श्रीराम भक्तों के सहयोग से गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ मां त्रिपुरमालिनी की पावन अखंड ज्योति के रथ लेकर निकले। यह शोभायात्रा शहर के विभिन्न भीतरी व मुख्य बाजारों से होती हुई वापस श्री देवी तालाब मंदिर में आकर संपन्न हुई। सारा जालंधर शहर अयोध्या नगरी में तबदील हो गया।

शोभायात्रा में संत-समाज, धार्मिक व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के अलावा विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के नेताओं ने शिरकत कर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। शोभायात्रा में महानगर के विभिन्न मंदिरों, शहर व आसपास के इलाकों की तकरीबन 200 से अधिक झांकियां, विभिन्न शहरों से आए रास कलाकार, ढोल ताशे, बैंड बाजे, घोड़े, ऊंट, हाथी सहित शामिल थे, जो लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी थीं। वहीं 200 से अधिक विभिन्न दुकानदारों, संस्थाओं की तरफ से लंगर लगाए गए।

Exit mobile version