Site icon Dainik Savera Times

नेपाल मूल के युवक को सरेआम काट डाला, दोस्त ने भागकर बचाई जान

लुधियाना: ग्यासपुरा में विवाद के बाद कुछ लोगों ने नेपाली मूल के युवक को तेजधार हथियारों से काट डाला। युवक के साथ मौजूद उसके दोस्त ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई। गंभीर घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक का नाम कृष्ण कुमार थापा है। सूचना मिलने पर थाना डिवीजन नंबर 6 की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस हमलावरों की पहचान के लिए आसपास के सी.सी.टी.वी. कैमरे खंगाल रही है।

जानकारी के मुताबिक नेपाल का रहने वाला कृष्ण थापा, ग्यासपुरा पार्क के पास रहता था। थापा का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था, इसलिए वह कुछ समय से अपने दोस्त समीर के साथ रहता था। शनिवार रात को वह अपने दोस्त समीर के साथ गली में खड़ा अपना बाइक लेने गया, तभी कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और उस पर तेजधार हथियारों से वार किए। समीर ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई। कृष्ण थापा को लहूलुहान हालत में छोड़कर हमलावर फरार हो गए। आसपास के लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

समीर का कहना है कि कृष्ण का किसी से विवाद हुआ था लेकिन वह कौन था और किस बात को लेकर विवाद हुआ था, उसे नहीं मालूम। मोटरसाइकिल सवार 15 से 20 युवकों ने उसे घेरा और हमला कर दिया। उसने वहां से भागकर अपनी जान बचाई। कृष्ण को लहूलुहान करने के बाद हमलावर वहां से फरार हो गए। इस बारे में थाना डिवीजन नंबर 6 की इंचार्ज कुलवंत कौर का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

ये भी पढ़ें : फर्जी वीडियो अपलोड करने वालों पर UAE सरकार की बड़ी कार्रवाई, 19 भारतीयों समेत 35 लोगों को किया गिरफ्तार

Exit mobile version