Last Updated: October 14, 2026

Dainik Savera Times Logo

जगराओं में रेलवे ओवर ब्रिज पर टिप्पर ने अध्यापिका को कुचला, मौत

November 12, 2025

जगराओं में रेलवे ओवर ब्रिज पर टिप्पर ने अध्यापिका को कुचला, मौत

जगराओं: शहर के रेलवे ओवर ब्रिज पर मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक शादीशुदा महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान रीना रानी (पत्नी विजय कुमार, निवासी हीरा बाग, जगराओं) के रूप में हुई है। हादसा उस समय हुआ जब रीना रानी अपने बेटे के साथ मोटरसाइकिल पर लाजपत राय रोड स्थित राणा स्वीट शॉप वालों के घर से अपने हीरा बाग स्थित घर लौट रही थी। रीना रानी की दिल्ली के रोहिनी इलाके में रहती जेठानी की बेटी का रिश्ता राणा स्वीट शॉप वालों के न्यूजीलैंड रहते बेटे के साथ तय हुआ था, जिसकी बातचीत करने के लिए ही रीना उनके घर गई थी। रीना रानी तेजस स्कूल में बतौर अध्यापिका तैनात दी, जहां पर वह प्राइमरी को-ऑर्डीनेटर के तौर पर ड्यूटी निभा रही थी

जानकारी के मुताबिक मंगलवार रात करीब 7:30 बजे रेलवे ओवर ब्रिज पर स्विफ्ट और बोलैरो कार की टक्कर हो गई, जिसके कारण पुल पर जाम लग गया। पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक को खुलवाने का प्रयास कर रहे थे लेकिन इस दौरान लोगों ने बीच की तीसरी लाइन भी बना ली, जिससे जाम और बढ़ गया। इसी बीच सवा आठ बजे बस स्टैंड की ओर से आ रहा राजस्थान नंबर का एक ओवरलोडेड टिप्पर तेज रफ्तार में आया और उसने पहले दो-तीन वाहनों को टक्कर मारी। इसके बाद टिप्पर पुल पर एक साइड पर खड़ी हुई रीना रानी पर सीधा चढ़ गया, जिससे महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद टिप्पर चालक मौके से फरार हो गया और टिप्पर को वहीं छोड़ गया। हादसे के समय रीना रानी का बेटा भी एक्टिवा पर साथ था। बेटे ने बताया कि उसने दूर से आते टिप्पर को देखकर मां को खींचने की कोशिश की लेकिन पलक झपकते ही टिप्पर ने उसकी मां को कुचल दिया। बेटे की आंखों के सामने यह दर्दनाक मंजर घटा।

हादसे में एक अन्य एक्टिवा सवार युवती भी टिप्पर की चपेट में आ गई, जिसकी टांग पर गंभीर चोट आई है। उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल जगराओं में भर्ती करवाया गया है। रीना रानी दो बच्चों की मां थी। एक बेटा उसके साथ रहता था, जबकि दूसरा बेटा कनाडा में सैटल्ड है। बताया जा रहा है कि मृतका जगराओं के नामी ठेकेदार विक्की ठेकेदार की बहन भी थी। पहले उसकी शादी दिल्ली में हुई थी, पर कुछ समय बाद वह पति विजय कुमार के साथ जगराओं आकर हीरा बाग में रहने लगी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। थाना सिटी पुलिस ने मामला दर्ज कर टिप्पर चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

ये भी पढ़ें : उम्र को लेकर अनुपम खेर का सकारात्मक संदेश, अनुभव को बताया सबसे बड़ी ताकत

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें