Last Updated: October 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कार को मारी टक्कर, दो लोग घायल

October 19, 2026

ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कार को मारी टक्कर, दो लोग घायल

धर्मकोट: मोगा धर्मकोट थाना पुलिस ने गांव जलालाबाद पूर्वी के पास तेज रफ्तार और लापरवाही से ट्रैक्टर-ट्रॉली चलाकर एक कार को टक्कर मारने के मामले में दो व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। हादसे में कार सवार दो लोगों को चोटें आईं, जबकि कार को भी काफी नुकसान पहुंचा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

जांच अधिकारी सहायक थानेदार दलजीत सिंह ने बताया कि पुलिस को दी शिकायत में गांव जलालाबाद पूर्वी निवासी बाला सिंह ने बताया कि 4 अक्टूबर 2026 को शाम वह अपने गांव के रहने वाले गुरमेल सिंह पुत्र जोगिंदर सिंह के साथ कार में सवार होकर अजीतवाल से अपने घर लौट रहा था। कार गुरमेल सिंह चला रहा था। जब वे रास्ते में पहुंचे तो सामने से आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी पुत्र बलदेव सिंह निवासी जलालाबाद पूर्वी अपना स्वराज 855 ट्रैक्टर चला रहा था। ट्रैक्टर के पीछे ईंटों से भरी ट्रॉली लगी हुई थी।

शिकायतकर्ता के अनुसार, ट्रैक्टर चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार को काफी नुकसान पहुंचा और कार में सवार शिकायतकर्ता तथा गुरमेल सिंह को चोटें आईं। हादसे के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। उसे पहले सिविल अस्पताल मोगा में भर्ती करवाया गया। वहां से उसे गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, फरीदकोट रेफर कर दिया गया। इसके बाद फरीदकोट से उसे आगे के उपचार के लिए मोगा के सतीश गोयल अस्पताल में रेफर किया गया।

पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद दोनों पक्षों के बीच राजीनामा करवाने के प्रयास भी चलते रहे, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद पुलिस ने शिकायत और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया। धर्मकोट थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

📍 Location: धर्मकोट

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें