
लुधियाना : मानसा में परविंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में पंजाब बंद के बीच लुधियाना में प्रदर्शन के दौरान दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई। प्रदर्शनकारियों ने सोमवार सुबह चंडीगढ़ रोड पर धरना लगाया हुआ था। इस धरने में राहों रोड स्थित कडियाना खुर्द का जश्नदीप सिंह भी आया हुआ था। धरनास्थल के नजदीक ही मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का होर्डिंग लगा हुआ था। भड़के जश्नदीप सिंह ने सीएम का होर्डिंग फाड़ना शुरू कर दिया।
उसके हाथ में करीब 8 फुट की लोहे की राड थे। जब वह होर्डिंग फाड़ने के लिए रॉड का इस्तेमाल कर रहा था तो राॅड वहां से गुजर रही बिजली की 11केवी लाइन को छू गई। इससे जश्नदीप को जोर का झटका लगा। मौके पर अफरा तरफी मच गई। आनन-फानन में उसे फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इस बीच पुलिस के आला अफसर भी फोर्टिस अस्पताल पहुंच गए।
डीसीपी रूरल गुरसेवक सिंह ने बताया कि युवक धरने में शामिल होने आया था। इस बीच हादसे में उसकी मौत हो गई। उधर, युवक की मौत के बाद परिजनों व लोगां ने सड़क पर धरना लगा दिया। शाम तक प्रदर्शनकारियों ने चौक में चारों तरफ से सड़क पर आवाजाही रोके रखी।