Last Updated: October 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

कनाडा भेजने और PR का झांसा देकर युवक के परिवार से 15 लाख ऐंठे, आरोपी पर FIR

August 21, 2026

कनाडा भेजने और PR का झांसा देकर युवक के परिवार से 15 लाख ऐंठे, आरोपी पर FIR

मोगा (दलीप कुमार): मोगा जिले के थाना बाघापुराना क्षेत्र के गांव कालेके निवासी एक युवक को कनाडा की पीआर दिलाने का झांसा देकर 15 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने दिल्ली निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना बाघापुराना के सहायक थानेदार जसविंदर सिंह ने बताया कि त्रिलोचन सिंह पुत्र भाग सिंह निवासी गांव कालेके ने जिला पुलिस प्रमुख मोगा को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उसका बेटा कनाडा जाना चाहता था। इसी दौरान उनकी बातचीत सुखविंदर सिंह पुत्र प्यारा सिंह निवासी नई दिल्ली के साथ हुई। आरोपी ने उन्हें भरोसा दिलाया कि वह उनके बेटे को कनाडा की पीआर दिलवा देगा।

शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी ने अलग-अलग तारीखों में तीन बार करके उनसे कुल 15 लाख रुपये ले लिए। पैसे लेने के बाद जब उन्होंने बेटे को कनाडा भेजने तथा पीआर संबंधी प्रक्रिया के बारे में जानकारी मांगी तो आरोपी कथित तौर पर टालमटोल करने लगा। काफी समय बीतने के बाद भी न तो उनका काम हुआ और न ही पैसे वापस किए गए। अपने साथ ठगी होने का अहसास होने पर त्रिलोचन सिंह ने मामले की शिकायत एसएसपी मोगा को दी।

एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच डीएसपी बाघापुराना को सौंप दी। प्रारंभिक जांच के बाद डीएसपी द्वारा सौंपी गई रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी के निर्देश पर थाना बाघापुराना में सुखविंदर सिंह निवासी दिल्ली के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। सहायक थानेदार जसविंदर सिंह ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है और फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। आरोपी को काबू करने के लिए पुलिस द्वारा दिल्ली में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जाएगी।

📍 Location: बाघापुराना

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें