Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

नशे के कारण 5 साल पहले युवक ने छोड़ा घर, अब रेलवे स्टेशन पर मिला उसका शव

July 12, 2024

नशे के कारण 5 साल पहले युवक ने छोड़ा घर, अब रेलवे स्टेशन पर मिला उसका शव

लुधियाना: नशे के कारण 5 साल पहले घर छोड़ चुके युवक का शव रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर मिला है। आशंका है कि नशे की ओवरडोज के कारण ही उसकी मौत हुई है। मृतक की पहचान शाहकोट, जालंधर के रहने वाले सूरज के रूप में हुई है। मृतक की जेब से मिले कागजातों के आधार पर ही उसकी पहचान संभव हो सकी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम केलिए सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां वीरवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार वालों को सौंप दिया गया। घटना 9 जुलाई की है। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 7 पर एक युवक का शव पड़ा था। सूचना मिलने पर थाना जीआरपी की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल मोर्चरी में रखवाया।

मृतक की जेब से एक कागजात मिला, जिससे उसकी पहचान सूरज के रूप में हुई लेकिन उसके परिजनों और वारिसों के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। मृतक की जेब से एक पर्ची मिली। उस पर एक मोबाइल नंबर लिखा हुआ था। पुलिस ने मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। वह सूरज के किसी रिश्तेदार का था। इसके बाद उसके परिवार वालों को इसकी जानकारी मिली। इसके बाद ही उन्होंने मौके पर आकर उसकी शिनाख्त की। परिवार वालों ने बताया कि सूरज की 7 साल पहले शादी हूई थी। उसका एक बेटा है। सूरज राजमिस्त्री का काम करता था। इसके बाद उसे नशे की लत लग गई। वह मैडीकल नशे के साथ साथ चिट्टे का भी नशा करता था। परिवार वालों ने उसका नशा छुड़ाने की कोशिश की। इसके बाद सूरज ने शादी के 2 साल बाद घर छोड़ दिया। वह कई कई महीने घर नहीं आता था। अब भी वह तकरीबन 6 महीने से घर नहीं गया था। पुलिस की सूचना के बाद ही परिवार को उसकी मौत की खबर मिली।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें