
मोगा: जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत जिला मोगा में लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत डिजिटल एलईडी वैन बाघापुराना सब-डिवीजन के विभिन्न गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों को जनगणना के महत्व, इसकी प्रक्रिया और ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा के बारे में जानकारी दे रही है। इस पहल का उद्देश्य लोगों को जनगणना प्रक्रिया से जोड़ना और अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करना है।
डिप्टी कमिश्नर-कम-प्रिंसिपल जनगणना अधिकारी सागर सेतिया ने बताया कि ‘हमारी जनगणना, हमारा विकास’ के संदेश के साथ यह डिजिटल वैन 13 से 30 नवंबर 2026 तक जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जागरूकता फैला रही है। वैन में लगे एलईडी स्क्रीन के माध्यम से ऑडियो-वीडियो संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं, जिनमें जनगणना की आवश्यकता, इसके सामाजिक और आर्थिक महत्व तथा स्व-गणना की ऑनलाइन प्रक्रिया को सरल तरीके से समझाया जा रहा है।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक नागरिकों को स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की सुविधा दी गई है। इसके तहत परिवार के सदस्य आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपने मकान और परिवार से संबंधित जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। इस प्रक्रिया में कुल 40 सवालों के जवाब देने होंगे। जानकारी सफलतापूर्वक जमा होने के बाद प्रत्येक परिवार को एक विशिष्ट स्व-गणना पहचान संख्या (एसई आईडी) मिलेगी। यह आईडी घर-घर सर्वेक्षण के लिए आने वाले अधिकृत जनगणना कर्मचारी को दिखाना जरूरी होगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ऑनलाइन स्व-गणना करवाने के बावजूद जनगणना कर्मचारी घरों में पहुंचकर जानकारी की पुष्टि करेंगे। पंजाब में घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक किया जाएगा। स्व-गणना संबंधी सहायता के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1855 भी जारी किया गया है।
सागर सेतिया ने कहा कि जनगणना के आंकड़े देश और प्रदेश के विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, आवास और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की रूपरेखा तैयार की जाती है। इसलिए प्रत्येक परिवार द्वारा सही और पूरी जानकारी देना बेहद जरूरी है। उन्होंने बाघापुराना सब-डिवीजन के सभी गांवों के निवासियों, ग्राम पंचायतों, सामाजिक संस्थाओं और गणमान्य व्यक्तियों से अपील की कि वे डिजिटल वैन के माध्यम से दी जा रही जानकारी को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं और निर्धारित समय में स्व-गणना करवाने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत नागरिकों की ओर से दी गई व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और इसका इस्तेमाल केवल सांख्यिकीय एवं विकास संबंधी उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।
📍 Location: मोगा
मेष: दिन शुभ रहेगा...