
AAP MLA Dr. Amandeep Kaur Arora Holds Gratitude March : मोगा। आम आदमी पार्टी की ओर से लगातार दूसरी बार चुनावी मैदान में उतारे जाने पर मोगा की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने गुरुद्वारा साहिब नामदेव भवन से विशाल शुकराना यात्रा निकाली। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और हलका निवासियों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। विधायक ने पार्टी हाईकमान और मोगा की जनता का आभार जताते हुए कहा कि जनसेवा और क्षेत्र के विकास का संकल्प आगे भी जारी रहेगा।
इस यात्रा का शुभारंभ स्थानीय ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब नामदेव भवन में नतमस्तक होकर और गुरु साहिब का ओट-आसरा लेकर श्रद्धापूर्वक किया गया। यात्रा के आरंभ से पूर्व गुरुद्वारा साहिब नामदेव भवन में सरबत के भले और क्षेत्र की खुशहाली के लिए अरदास की गई। इसके उपरांत विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा की अगुवाई में भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और स्थानीय निवासियों के साथ यह भव्य यात्रा निकाली गई। यात्रा में शामिल लोगों का उत्साह देखते ही बनता था, जिन्होंने ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस अवसर पर उपस्थित विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने भावुक अंदाज में कहा कि मैं पार्टी सुप्रीमो और शीर्ष नेतृत्व का तहे दिल से धन्यवाद करती हूं, जिन्होंने मुझ पर निरंतर दूसरी बार यह बड़ा भरोसा जताया है। लेकिन सबसे बड़ा आभार मैं अपने मोगा हलके के परिवार, हर एक माता, बुजुर्ग, युवा साथी और बहन का व्यक्त करती हूं, जिनके असीम प्यार और समर्थन की बदौलत आज हम इस मुकाम पर खड़े हैं। उन्होंने आगे कहा कि “हलका निवासियों द्वारा दिया गया यह अपार प्यार, सम्मान और अटूट विश्वास ही मेरी असली ताकत और सबसे बड़ी पूंजी है। यह केवल एक राजनीतिक सफर नहीं, बल्कि जनसेवा का एक पवित्र संकल्प है।
हमने पिछले कार्यकाल में ईमानदारी, निष्ठा और बिना किसी भेदभाव के क्षेत्र के विकास के लिए दिन-रात काम किया है। यह ‘शुकराना यात्रा’ आपके उसी साथ, सहयोग और आशीर्वाद के प्रति नतमस्तक होने का जरिया है। आपके आशीर्वाद से जनसेवा का यह जज्बा आने वाले समय में और भी अधिक मजबूती के साथ जारी रहेगा।”संबोधन के दौरान डॉ. अरोड़ा ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जन-जन तक पहुंचने का आह्वान किया। यात्रा के दौरान जगह-जगह पर हलका निवासियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा फूलों की वर्षा कर विधायक का स्वागत किया गया।
इस मौके पर मेयर विनय पाल कौर, सीनियर डिप्टी मेयर राकेश काला बजाज, डिप्टी मेयर गौरव गर्ग, जिला प्रधान वरिंदर शर्मा मधेके, शहरी प्रधान प्रेम चंद चकी वाला, लवली सिंगला, पियारा सिंह बधनी, संजीव नरूला, राकेश सितारा, जतिन्दर कुमार नीला, राकेश मिड्डा, के लावा पार्टी के वरिष्ठ नेता, ब्लॉक प्रधान, वार्ड इंचार्ज, युवा मोर्चा, निगर निगम के पार्षद, पार्टी सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
मेष: दिन शुभ रहेगा...