पंजाब डेस्कः मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने नगर निकाय चुनावों में आम आदमी पार्टी की बड़ी जीत को जनता का विकास की राजनीति पर भरोसा बताया है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों ने साफ कर दिया है कि वे काम करने वाली सरकार के साथ हैं और नफरत व धर्म की राजनीति को पूरी तरह नकार चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा को जनता ने इन चुनावों में पूरी तरह खारिज कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में आम आदमी पार्टी लगातार मजबूत हो रही है और आने वाले समय में पार्टी और बड़ी जीत दर्ज करेगी।
मुफ्त सुविधाओं और विकास कार्यों पर जनता ने जताया भरोसा
भगवंत मान ने कहा कि लोगों ने सरकार की योजनाओं पर भरोसा जताते हुए वोट दिया है। उन्होंने कहा कि मुफ्त बिजली, बेहतर सरकारी स्कूल, आम आदमी क्लीनिक, मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं, किसानों को दिन में बिजली और रोजगार देने जैसे फैसलों का फायदा लोगों तक पहुंचा है। मुख्यमंत्री के अनुसार, यही वजह है कि पंजाब के शहरों, कस्बों और गांवों में आम आदमी पार्टी को भारी समर्थन मिला।
ਅਹਿਮ ਪ੍ਰੈੱਸ ਕਾਨਫਰੰਸ, ਚੰਡੀਗੜ੍ਹ ਤੋਂ LIVE ——- अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस, चंडीगढ़ से LIVE https://t.co/6RRqVt968i
— Bhagwant Mann (@BhagwantMann) May 29, 2026
धूरी समेत कई इलाकों में शानदार प्रदर्शन
मुख्यमंत्री ने बताया कि उनके अपने विधानसभा क्षेत्र धूरी में आम आदमी पार्टी ने 21 में से 19 सीटों पर जीत हासिल की। वहीं बरनाला में पार्टी ने 50 में से 37 सीटें जीतीं। उन्होंने कहा कि पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष के पैतृक क्षेत्र गिद्दड़बाहा में भी आम आदमी पार्टी ने 19 में से 17 सीटों पर जीत दर्ज की। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि दोआबा, माझा और मालवा-तीनों क्षेत्रों में लोगों ने ‘आप’ के पक्ष में वोट किया है।
भाजपा पर साधा निशाना, कहा- ई.डी. पार्टी बन गई भाजपा
भगवंत मान ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा इन चुनावों में पांचवें स्थान पर पहुंच गई। उन्होंने कहा कि भाजपा 1000 से ज्यादा सीटों पर अपनी जमानत तक नहीं बचा पाई। मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि कई जगह निर्दलीय उम्मीदवारों को भाजपा से ज्यादा वोट मिले और ऐसा लग रहा था कि भाजपा का मुकाबला केवल NOTA से चल रहा है। उन्होंने भाजपा को “ई.डी. पार्टी” बताते हुए आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक दबाव बनाने के लिए किया गया।
विपक्ष की एकजुटता भी नहीं रोक पाई ‘आप’ की जीत
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा ने मिलकर भी उतनी सीटें नहीं जीतीं जितनी अकेले आम आदमी पार्टी ने हासिल कर लीं। उन्होंने कहा कि विपक्ष लगातार नकारात्मक राजनीति करता रहा, लेकिन पंजाब के लोगों ने विकास और काम की राजनीति को चुना।
पंचायत से नगर निकाय तक लगातार बढ़ रहा समर्थन
भगवंत मान ने कहा कि पिछले चार वर्षों में हर चुनाव में आम आदमी पार्टी को जनता का भरपूर समर्थन मिला है। उन्होंने बताया कि पंचायत चुनावों में पार्टी ने लगभग 11 हजार पंचायत सीटें जीती थीं। इसके अलावा जालंधर लोकसभा उपचुनाव, विधानसभा उपचुनाव, जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनावों में भी पार्टी को बड़ी सफलता मिली। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों में मिली जीत ने साबित कर दिया है कि जनता लगातार ‘आप’ के साथ खड़ी है।
2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भी जताया भरोसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये चुनावी नतीजे सिर्फ शुरुआत हैं और 2027 विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी पहले से भी ज्यादा सीटें जीत सकती है। उन्होंने कहा कि पंजाब में पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ रहा है और लोग सरकार के काम से संतुष्ट हैं।
पार्टी छोड़ने वाले नेताओं पर भी साधा निशाना
भगवंत मान ने पार्टी छोड़कर जाने वाले पूर्व राज्यसभा सदस्यों पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि जिन्होंने पार्टी के साथ विश्वासघात किया, उन्हें जनता ने जवाब दे दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे नेताओं को आत्ममंथन करना चाहिए कि आखिर उन्होंने क्या हासिल किया।
रवनीत बिट्टू के व्यवहार पर जताई नाराजगी
मतदान के दौरान केंद्रीय मंत्री Ravneet Singh Bittu के व्यवहार को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मतदान वाले दिन हुई ड्रामेबाजी दुर्भाग्यपूर्ण थी। उन्होंने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे लोगों को जिम्मेदारी और संयम के साथ व्यवहार करना चाहिए।
ईवीएम विवाद पर क्या बोले मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल हार के बाद हमेशा ईवीएम और बैलेट पेपर पर सवाल उठाने लगते हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को आगे आकर लोगों के बीच फैली गलतफहमियों को दूर करना चाहिए ताकि चुनाव प्रक्रिया पर भरोसा बना रहे।
जनता का किया धन्यवाद
भगवंत मान ने पंजाब की जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस बड़ी जीत ने सरकार की जिम्मेदारी और बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार पूरी ईमानदारी और मिशन भावना के साथ पंजाब के लोगों की सेवा करती रहेगी और बिना किसी भेदभाव के हर इलाके में विकास कार्य जारी रहेंगे।

