
Dispensaries: पंजाब सरकार ने 20 साल बाद जिला परिषद् के अधीन ग्रामीण डिस्पैंसरियों में काम कर रहे 804 कर्मचारियों का हाथ थामा है। जिला परिषद् के अधीन ग्रामीण डिस्पैंसरियों में काम कर रहे 441 रूरल हैल्थ फार्मेसी अधिकारी/ पैरामैडीकल स्टाफ और 363 अटैंडैंट-कम-दर्जा चार कर्मचारियों के वेतनों में जहां बढ़ौतरी की गई है, वहीं ये अधिकारी/ कर्मचारी 58 साल तक नौकरी करते रहेंगे।
ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने बताया कि परसोनल विभाग द्वारा 16 मई, 2023 को जारी पॉलिसी के अनुसार जिला परिषद् के अधीन ग्रामीण डिस्पैंसरियों में काम कर रहे 441 रूरल हैल्थ फार्मेसी अधिकारी/ पैरामैडीकल स्टाफ और 363 अटैंडैंट-कम-दर्जा चार कर्मचारियों को 1 अप्रैल, 2025 से कवर किया गया है। फार्मेसी अधिकारियों को पहले 11,000 रुपए प्रति माह वेतन मिलता था।
अब उसे बढ़ाकर 20,000 रुपए प्रति माह कर दिया गया है। फार्मेसी अधिकारियों को 30,000 रुपए तक 5 प्रतिशत और उसके बाद हर साल 3 प्रतिशत वेतन बढ़ौतरी मिलेगी। इसी तरह, अटैंडैंट- कम- दर्जा चार कर्मचारियों को अब 15,000 रुपए (पहले 6,000 रुपए मिलते थे।) प्रति माह मिलेंगे। इन कर्मचारियों के वेतन में हर साल 25,000 रुपए तक 5 प्रतिशत और उसके बाद हर साल 3 प्रतिशत वेतन बढ़ौतरी की जाएगी। पॉलिसी के तहत फार्मैसी अधिकारी और अटैंडैंट-कम-दर्जा कर्मचारी 58 साल की उम्र तक नौकरी करते रहेंगे।