Last Updated: November 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

अकाली-भाजपा गठबंधन से 2027 के चुनावों की सियासी सरगर्मियां तेज, पंजाब में सरकार बनाना तय: डॉ. हरजोत कमल

November 25, 2026

अकाली-भाजपा गठबंधन से 2027 के चुनावों की सियासी सरगर्मियां तेज, पंजाब में सरकार बनाना तय: डॉ. हरजोत कमल

मोगा: पंजाब की राजनीति में शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी के बीच गठबंधन की चर्चाओं ने वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक माहौल गर्मा दिया है। दोनों पार्टियों के एक बार फिर साथ आने से भाजपा और अकाली दल के नेताओं तथा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। भाजपा के जिला अध्यक्ष एवं मोगा के पूर्व विधायक डॉ. हरजोत कमल ने गठबंधन का स्वागत करते हुए दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में पंजाब में अकाली दल और भाजपा की सरकार बनना तय है। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियों के एकजुट होने से कार्यकर्ताओं में नया जोश पैदा हुआ है और आने वाले दिनों में इसका असर प्रदेश की राजनीति में स्पष्ट रूप से दिखाई देगा।

डॉ. हरजोत कमल ने कहा कि दिन पंजाब की राजनीति के लिए विशेष महत्व रखता है। एक ओर पूरी दुनिया में श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर अकाली दल और भाजपा के गठबंधन की खबरों ने दोनों पार्टियों के नेताओं और कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर पैदा कर दी है। दोनों दलों की यह साझेदारी पंजाब की राजनीति को नई दिशा देगी और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में गठबंधन एक मजबूत राजनीतिक ताकत के रूप में उभरेगा।

 8 दिसंबर को मोगा में एक मंच पर जुटेंगे दोनों पार्टियों के नेता

मोगा में 8 दिसंबर को होने वाली विशाल रैली के संबंध में जानकारी देते हुए डॉ. हरजोत कमल ने बताया कि पहले शिरोमणि अकाली दल की ओर से पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय प्रकाश सिंह बादल का जन्मदिवस मनाने के लिए बड़ी रैली आयोजित करने की तैयारियां की जा रही थीं। लेकिन अब अकाली दल और भाजपा के बीच गठबंधन होने के बाद यह रैली दोनों पार्टियों की ओर से संयुक्त रूप से आयोजित की जाएगी। इस दौरान दोनों दलों के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता एक ही मंच पर एकत्रित होकर अपनी राजनीतिक एकजुटता और ताकत का प्रदर्शन करेंगे।

उन्होंने बताया कि शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की ओर से यह जानकारी भी दी गई है कि इस रैली में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की संभावना है। डॉ. कमल ने कहा कि यदि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस रैली में शामिल होते हैं तो यह कार्यक्रम पंजाब की राजनीति में एक महत्वपूर्ण संदेश देगा। उन्होंने विश्वास जताया कि मोगा में होने वाली यह रैली गठबंधन को जमीनी स्तर पर और मजबूती प्रदान करेगी तथा आगामी विधानसभा चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरेगी।

 ‘आप’ सरकार पर सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग का आरोप

आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए डॉ. हरजोत कमल ने 26 नवंबर को होने वाली ‘आप’ की रैली को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि रैली में लोगों को लाने और अन्य व्यवस्थाओं के लिए सरकारी बसों तथा सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी संसाधनों का उपयोग किसी राजनीतिक पार्टी के कार्यक्रमों के लिए करना उचित नहीं है। सरकारी खजाने में जमा जनता की मेहनत की कमाई का इस्तेमाल जनकल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास कार्यों पर होना चाहिए, न कि राजनीतिक रैलियों के आयोजन पर। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से सरकारी खजाने पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ता है।

 आप विधायकों पर भ्रष्टाचार के आरोप, ईडी की जांच का भी किया जिक्र

डॉ. हरजोत कमल ने आम आदमी पार्टी के कुछ विधायकों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि कई विधायक जांच एजेंसियों के घेरे में आ रहे हैं। उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से की जा रही जांच का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में पंजाब की राजनीति में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे और आम आदमी पार्टी को जनता के रोष का सामना करना पड़ेगा।

अंत में डॉ. हरजोत कमल ने कहा कि पंजाब के लोग वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी की सरकार को सत्ता से बाहर कर अकाली दल और भाजपा को प्रदेश की सेवा करने का अवसर देंगे। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियों का गठबंधन पंजाब में एक नया राजनीतिक अध्याय लिखेगा और प्रदेश को विकास तथा खुशहाली की दिशा में आगे बढ़ाने का काम करेगा।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें