Last Updated: November 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

अकाली-भाजपा गठबंधन ने 2027 चुनाव के लिए भरी हुंकार, 100 से अधिक सीटें जीतने का दावा

November 24, 2026

अकाली-भाजपा गठबंधन ने 2027 चुनाव के लिए भरी हुंकार, 100 से अधिक सीटें जीतने का दावा

जालंधरः श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर पंजाब की राजनीति में अकाली दल और भाजपा के संभावित गठबंधन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। छह साल के लंबे अंतराल के बाद दोनों पार्टियों के दोबारा एक साथ आने की चर्चाओं के बीच नेताओं ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़े दावे किए हैं। मीडिया से बातचीत करते हुए अकाली दल के शहरी प्रधान इकबाल सिंह ढींडसा और भाजपा के जिला प्रधान अशोक सरीन हिक्की ने गठबंधन की संभावनाओं और आगामी चुनावों को लेकर अपनी बात रखी।

अकाली दल के शहरी प्रधान इकबाल सिंह ढींडसा ने सबसे पहले संगतों को गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की बधाई दी। उन्होंने कहा कि छह साल बाद अकाली दल और भाजपा के दोबारा गठबंधन को लेकर लोगों की अरदासें पूरी हुई हैं। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियों का गठबंधन हमेशा विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ता आया है। पंजाब से नशे और भ्रष्टाचार को खत्म करना गठबंधन का मुख्य लक्ष्य रहेगा। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव में 100 से अधिक सीटें जीतने का दावा भी किया। साथ ही आम आदमी पार्टी के नेताओं के बयानों को खारिज करते हुए कहा कि खुशी के इस मौके पर वह किसी के खिलाफ कुछ नहीं बोलना चाहते।

वहीं भाजपा जिला प्रधान अशोक सरीन हिक्की ने डबल इंजन सरकार के जरिए पंजाब की तरक्की का दावा किया। उन्होंने 8 दिसंबर को मोगा में होने वाली रैली को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह रैली पुराने रिकॉर्ड तोड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन जालंधर की सभी नौ विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करेगा।

📍 Location: जालंधर सेंटर टाउन (जालंधर)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें