Site icon Dainik Savera Times

Punjab Firing News: अमृतसर में दिनदहाड़े फायरिंग, AAP सरपंच के पति पर हमला, बाल-बाल बचे

Firing In Amritsar

Firing In Amritsar

पंजाब डेस्कः बुधवार को अमृतसर जिले के जंडियाला गुरु इलाके में गोलीबारी होने से हड़कंप मच गया। दरअसल, वेरोवाल मार्ग पर अज्ञात हमलावरों ने एक इनोवा गाड़ी पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। वारदात के समय गाड़ी में 2 लोग सवार थे। फायरिंग की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें :-

सूत्रों के अनुसार, इनमें से एक व्यक्ति आम आदमी पार्टी से जुड़ी एक महिला सरपंच का पति बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो हमलावरों ने अचानक कार को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। हमले के दौरान कार में बैठे दोनों लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए खुद को छिपा लिया, जिससे वे बाल-बाल बच गए और उन्हें कोई गोली नहीं लगी।

फायरिंग के दौरान एक राहगीर घायल हो गया। बताया जा रहा है कि वह गोलियों की आवाज से घबराकर मोटरसाइकिल से गिर पड़ा, जिससे उसके पैर में चोट आई। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची

वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई। घटनास्थल से करीब 4 गोलियों के खोल बरामद किए गए हैं। वहीं, एक प्रत्यक्षदर्शी सुशील कुमार ने बताया कि वह अपने भांजे के साथ लौट रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार गाड़ी उनके पास से गुजरी और वे गिर पड़े। उन्होंने कहा कि उन्होंने गोलियां चलते हुए नहीं देखीं, लेकिन आवाजें साफ सुनीं।

सीसीटीवी में दिखे आरोपी

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। कुछ फुटेज में संदिग्ध हमलावर दिखाई दिए हैं। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश या पुरानी दुश्मनी से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में डर का माहौल है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढे़ं :-

Exit mobile version