Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

Punjab: अमृतसर रूरल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 19.206 किलो हेरोइन समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

July 28, 2026

Punjab: अमृतसर रूरल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 19.206 किलो हेरोइन समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

पंजाबः अमृतसर रूरल पुलिस को आज नशा तस्करों और गैंगस्टरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कामयाबी मिली है। अलग-अलग मामलों में पुलिस ने 19 किलो 206 ग्राम हेरोइन, दो अवैध पिस्तौल, दो मैगजीन और 25 जिंदा कारतूस बरामद करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई पंजाब सरकार के “War Against Drugs and Gangsters” अभियान के तहत मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान और डीजीपी गौरव यादव के निर्देशों पर एसएसपी अमृतसर रूरल कंवलप्रीत सिंह चहल की अगुवाई में की गई।

एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार 4.0 के तहत मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की। उन्होंने बताया कि पहले मामले में जसप्रीत कौर, पत्नी गुरअवतार सिंह, निवासी चक आला बस्ती, लेहल, नारायणगढ़ (अमृतसर) को उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वह स्कूटी पर हेरोइन की खेप सप्लाई करने जा रही थी। पुलिस ने चेकपॉइंट लगाकर उसे काबू किया।

दूसरे मामले में थाना लोपोके पुलिस ने 10 किलो 206 ग्राम हेरोइन बरामद करते हुए महाबीर सिंह और आकाशदीप सिंह को गिरफ्तार किया। इस मामले में घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों में से एक नाबालिग है और उसका संबंध दुबई में बैठे एक कथित तस्कर से जुड़ा बताया जा रहा है।

तीसरे मामले में पुलिस ने दो पिस्तौल, दो मैगजीन और 25 जिंदा कारतूस बरामद किए। इस मामले में फिरोजपुर के रहने वाले दो आरोपियों को अमृतसर में घूमते हुए गिरफ्तार किया गया।

एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चहल ने पूरी पुलिस टीम को इस सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि पंजाब सरकार द्वारा नशा तस्करों और गैंगस्टरों के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें