Last Updated: November 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

अमृतसर के गांवों में लागू होगी चार-स्तरीय कचरा पृथक्करण व्यवस्था

November 9, 2026

अमृतसर के गांवों में लागू होगी चार-स्तरीय कचरा पृथक्करण व्यवस्था

Amritsar Villages to Adopt Four-Way Waste Segregation System : अमृतसर। गांवों को कूड़ा मुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रोजेक्ट में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। अब गांवों में गीले, सूखे, सैनिटरी और खतरनाक कचरे को अलग-अलग एकत्रित करने की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए घर-घर से कचरा उठाने और लोगों को जागरूक करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

 
 
 

बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले के गांवों में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रोजेक्ट को प्रभावी ढंग से लागू करना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना था। बैठक के दौरान अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि गांवों को कूड़ा मुक्त एवं स्वच्छ बनाने के लिए जिले के सभी गांवों में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रोजेक्ट के तहत आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के माध्यम से गांवों में उत्पन्न होने वाले कचरे का वैज्ञानिक एवं उचित ढंग से निपटारा सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्रित करने तथा उसके उचित निपटारे के संबंध में अधिक से अधिक जागरूक किया जाए।

उन्होंने कहा कि गांवों में चार-स्तरीय कचरा पृथक्करण प्रणाली (4-Way Segregation) लागू करना सुनिश्चित किया जाए, जिसके तहत गीला कचरा, सूखा कचरा, सैनिटरी वेस्ट तथा खतरनाक अपशिष्ट को अलग-अलग एकत्रित किया जाए। अतिरिक्त उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिए कि घरों से कचरा एकत्रित करने के लिए गांव स्तर पर रेहड़ियों तथा अन्य आवश्यक प्रबंध किए जाएं, ताकि प्रत्येक घर से नियमित रूप से कचरा एकत्रित किया जा सके और लोगों को खुले में कचरा फेंकने की समस्या से निजात मिल सके।

उन्होंने राउंड ग्लास फाउंडेशन के कोऑर्डिनेटर रेशम सिंह को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक गांवों में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट से संबंधित गतिविधियों में तेजी लाई जाए तथा संबंधित पंचायतों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करके इस परियोजना को जमीनी स्तर पर सफल बनाया जाए। उन्होंने सभी सरपंचों, ब्लॉक विकास अधिकारियों तथा पंचायत सचिवों से अपील की कि वे गांवों को स्वच्छ एवं कूड़ा मुक्त बनाने के इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएं और लोगों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि स्वच्छ एवं स्वस्थ गांवों का निर्माण किया जा सके।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें