चंडीगढ़ : पंजाब विधानसभा की 64-लुधियाना पश्चिम सीट के उपचुनाव के लिए वीरवार को मतदान हुआ। मतदान निर्धारित समयानुसार सुबह 7 बजे शुरू हुआ और शांतिपूर्ण तथा सुचारू रूप से संपन्न हुआ। पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी सिबिन सी ने बताया कि शाम 7 बजे तक अपलोड किए गए डाटा के अनुसार, लगभग 51.33% मतदान दर्ज किया गया है। एक नई पहल के अंतर्गत, मतदान डाटा पोलिंग स्टेशन पर प्रिजाइडिंग अधिकारियों द्वारा ईसीआई नैट एप्प पर अपलोड किया गया। उल्लेखनीय है कि मतदान प्रतिशत के ये आंकड़े अनुमानित हैं। निर्वाचन संचालन नियम, 1961 के नियम 49एस के तहत, प्रिजाइडिंग अधिकारियों ने फॉर्म 17सी – जिसमें मतों की वास्तविक गिनती दर्ज होती है- उन उम्मीदवारों के पोलिंग एजैंटों को दिया जो मतदान समाप्ति के समय पोलिंग बूथ पर उपस्थित थे।
मतदान शुरू होने से पहले प्रत्येक पोलिंग बूथ पर ईवीएम की मॉक ड्रिल करवाई गई, जो उम्मीदवारों द्वारा नियुक्त किए गए 578 एजैंटों की उपस्थिति में हुई।
उपचुनावों के लिए, निर्वाचन आयोग ने गत 1 अप्रैल को पात्रता तिथि के आधार पर मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण किया था। मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन 9 अप्रैल को किया गया और इसकी एक प्रति मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ साझा की गई। 192 पोलिंग बूथ स्तर पर बीएलओज ने यह सुनिश्चित करने के लिए कार्य किया कि सूचियों को सही ढंग से अपडेट किया गया है। मान्यता प्राप्त दलों द्वारा नियुक्त 384 बीएलए ने प्रक्रिया की जांच की और कुल 4279 दावे और आपत्तियां दर्ज की गईं। मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 5 मई को किया गया और अंतिम सूचियों की प्रति सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को प्रदान की गई।
नामांकन की अंतिम तिथि 2 जून 2025 थी, जिस दिन मतदाता सूची को अंतिम रूप दिया गया और इसकी प्रति सभी चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों को 6 जून 2025 को दी गई। कुल 1,75,469 मतदाता पंजीकृत थे। कुल 14 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे, जिनमें 1 महिला उम्मीदवार भी शामिल थी। इन चुनावों के लिए 194 पोलिंग बूथ स्थापित किए गए थे। चुनाव आयोग के हालिया निर्णय के अनुसार, एक बूथ पर अधिकतम 1200 मतदाता रखने की सीमा के चलते 2 अतिरिक्त नए बूथ बनाए गए। प्रत्येक बूथ पर आवश्यक सुविधाओं के अलावा, पहली बार मतदाताओं की सुविधा हेतु 194 पोलिंग स्टेशनों पर मोबाइल जमा करवाने की सुविधा भी प्रदान की गई। एक महिला स्टाफ वाला, एक दिव्यांग स्टाफ वाला और 10 मॉडल पोलिंग स्टेशन भी बनाए गए। अब 23 जून को जब ईवीएम खुलेगी तब पता चल पाएगा कि आखिर मतदाताओं ने किस उम्मीदवार को विधायक की कुर्सी पर बैठाया है।
ये भी पढ़ें : पीएम मोदी का जलवा कायम, ट्रंप को पीछे छोड़ फिर से बने दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता

