Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

विकसित भारत युवा नेता संवाद-2027 संबंधी विद्यार्थियों के लिए जागरूकता सत्र आयोजित

September 11, 2026

विकसित भारत युवा नेता संवाद-2027 संबंधी विद्यार्थियों के लिए जागरूकता सत्र आयोजित

अमृतसर: सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार विकसित भारत युवा नेता संवाद-2027 के संबंध में सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, रंजीत एवेन्यू, अमृतसर में विद्यार्थियों के लिए जागरूकता एवं जानकारी सत्र आयोजित किया गया। इस अवसर पर नेहरू युवा केंद्र के जिला युवा अधिकारी श्री प्रणव चावला द्वारा विद्यार्थियों को विकसित भारत युवा नेता संवाद की प्रश्नोत्तरी के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई तथा पात्र युवाओं को माईभारत पोर्टल पर पंजीकरण करवाकर अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।

प्रणव चावला ने बताया कि विकसित भारत युवा नेता संवाद-2027 का आयोजन भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय द्वारा किया जा रहा है। यह एक राष्ट्रीय मंच है, जिसका उद्देश्य युवाओं को अपनी नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता, प्रतिभा एवं नवीन विचारों को प्रदर्शित करने तथा विकसित भारत@2047 के दृष्टिकोण में अपना योगदान देने का अवसर प्रदान करना है।

उन्होंने बताया कि 17 अगस्त 2026 तक 15 से 29 वर्ष की आयु के युवा इसमें भाग लेने के पात्र हैं। कार्यक्रम में छह प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं, जिनमें विकसित भारत चैलेंज, सांस्कृतिक क्षेत्र, भारत के लिए डिजाइन, सामाजिक कार्यों के लिए हैक, युवा उद्यमी चैलेंज तथा युवा संसद शामिल हैं।

संस्थान के प्राचार्य संजीव कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को विकसित भारत युवा नेता संवाद की प्रश्नोत्तरी में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शिक्षकों एवं अभिभावकों से भी अपील की कि वे पात्र युवाओं को पंजीकरण एवं भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करें।

उन्होंने बताया कि विकसित भारत युवा नेता संवाद-2027 का समापन समारोह 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में एक भव्य राष्ट्रीय कार्यक्रम के रूप में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान चयनित युवा नेताओं को राष्ट्रीय स्तर के संवाद में भाग लेने का अवसर मिलेगा। ऐसे राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम युवाओं को अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता एवं नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने के लिए महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं। ऐसी पहल युवाओं को देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। इस कार्यक्रम के आयोजन में बलजिंदर कौर, प्रशिक्षण अधिकारी तथा सुश्री दीक्षा, फ्रंट ऑफिस प्रशिक्षक ने समन्वयक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

📍 Location: Amritsar (Amritsar)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें