Last Updated: October 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर भाजपा गदगद, दोबारा चुनाव का स्वागत

October 9, 2026

सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर भाजपा गदगद, दोबारा चुनाव का स्वागत

BJP Welcomes Supreme Court Order for Fresh Municipal Election : मोगा। सुप्रीम कोर्ट द्वारा नगर परिषद बाघा पुराना के 15 और धर्मकोट के 7 वार्डों सहित पटियाला नगर निगम के 28 वार्डों के चुनाव रद्द कर छह सप्ताह के भीतर न्यायिक निगरानी में दोबारा चुनाव करवाने के आदेश का भाजपा ने स्वागत किया है।

भाजपा जिला मोगा अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. हरजोत कमल ने इसे लोकतंत्र की जीत बताते हुए आम आदमी पार्टी सरकार पर चुनावों में धांधली और सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा दोनों नगर परिषदों के सभी संबंधित वार्डों में मजबूत उम्मीदवार उतारकर चुनाव लड़ेगी। पार्टी की रणनीति तैयार करने के लिए वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठकें भी की जा रही हैं।

 भाजपा जिला मोगा के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. हरजोत कमल ने इस फैसले को लोकतंत्र की बड़ी जीत और सत्ता के नशे में चूर आम आदमी पार्टी की सरकार के मुंह पर करारा तमाचा करार दिया है। प्रेस बयान जारी करते हुए डॉ. हरजोत कमल ने कहा कि पिछले चुनावों के दौरान ‘आप’ सरकार ने सरकारी मशीनरी का खुलेआम दुरुपयोग करते हुए धक्केशाही, धांधली और बूथ कैप्चरिंग के सहारे जीत हासिल की थी। लेकिन सच्चाई को कभी दबाया नहीं जा सकता।

देश की सर्वोच्च अदालत ने सभी अनियमितताओं का गंभीर संज्ञान लेते हुए नगर निगम पटियाला के 28 वार्डों, नगर परिषद धर्मकोट के 7 वार्डों और नगर परिषद बाघा पुराना के सभी 15 वार्डों के चुनाव पूरी तरह रद्द कर दिए हैं। डॉ. हरजोत कमल ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा 28 सितंबर को आधार तिथि मानते हुए न्यायिक निगरानी में 6 सप्ताह के भीतर निष्पक्ष चुनाव करवाने का आदेश देना साबित करता है कि भगवंत मान सरकार के शासन में संवैधानिक और लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता खतरे में पड़ चुकी थी।

अदालत के इस फैसले ने सत्ताधारी दल की कथित ‘ईमानदारी’ का असली चेहरा जनता के सामने बेनकाब कर दिया है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों से पहले ये दोबारा होने वाले चुनाव ‘आप’ सरकार के लिए अग्निपरीक्षा साबित होंगे। बाघा पुराना और धर्मकोट की जनता आम आदमी पार्टी के झूठ, भ्रष्टाचार और धक्केशाही से पूरी तरह तंग आ चुकी है और अब अपने मताधिकार की ताकत से इसका मुंहतोड़ जवाब देगी। डॉ. कमल ने बताया कि जिला मोगा में भारतीय जनता पार्टी इन चुनावों में पूरी ताकत के साथ उतरने के लिए तैयार है।

पार्टी की चुनावी रणनीति तैयार करने के लिए जिले के वरिष्ठ नेताओं के साथ विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि भाजपा के वरिष्ठ प्रदेश नेता स. चरणजीत सिंह बराड़ और श्री अनिल सरीन मोगा पहुंचकर कार्यकर्ताओं एवं नेताओं के साथ विशेष चुनावी बैठक करेंगे। डॉ. हरजोत कमल ने कहा कि भाजपा बाघा पुराना के सभी 15 वार्डों और धर्मकोट के 7 वार्डों में मजबूत उम्मीदवार मैदान में उतारकर शानदार जीत दर्ज करेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें