Site icon Dainik Savera Times

BREAKING : बम की धमकी मिलने के बाद सभी स्कूलों में छुट्टी का ऐलान

bomb threats

bomb threats

जालंधर। जिले में कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। बताया जा रहा है कि स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल और कॉल मिले थे। जैसे ही इसकी जानकारी मिली, स्कूल प्रशासन ने तुरंत छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू कर दिया। अचानक मिली इस सूचना से स्कूलों और अभिभावकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस और प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचा
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस बल तुरंत स्कूलों में पहुंच गया। स्कूल परिसरों को चारों तरफ से घेर लिया गया और सुरक्षा जांच शुरू कर दी गई। बम निरोधक दस्ते ने भी स्कूलों की तलाशी ली। किसी भी तरह का जोखिम न लेते हुए बच्चों को समय से पहले घर भेज दिया गया और अभिभावकों को तुरंत स्कूल बुलाया गया।

ये भी पढ़ेंः महाराष्ट्र में दिल दहला देने वाली वारदात, बोरी में बांधकर युवक को जिंदा जलाया, इलाके में मचा हड़कंप

अभिभावकों को फोन और व्हाट्सएप से दी गई जानकारी
अभिभावकों ने बताया कि उन्हें स्कूल की ओर से फोन कॉल और व्हाट्सएप मैसेज के जरिए सूचना दी गई कि इमरजेंसी स्थिति के कारण छुट्टी कर दी गई है और वे अपने बच्चों को तुरंत ले जाएं। आमतौर पर स्कूलों की छुट्टी दोपहर 2:30 बजे होती है, लेकिन सुरक्षा को देखते हुए बच्चों को पहले ही घर भेज दिया गया।

प्रशासन ने बताया—अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली
डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल और पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने कहा कि अब तक मिले सभी ई-मेल उन्हें फर्जी लग रहे हैं। हालांकि, सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही न हो, इसलिए हर मेल की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने साफ किया कि अभी तक किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।

कई और स्कूलों को मिली धमकी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रिंसिपल को ई-मेल के जरिए स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इसके अलावा कई अन्य स्कूलों को भी इसी तरह के धमकी भरे मेल मिलने की जानकारी सामने आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर टीम भी जांच में जुट गई है और धमकी भेजने वाले व्यक्ति की पहचान की जा रही है।

सोढल एरिया समेत कई स्कूल खाली कराये गये
सूत्रों के अनुसार सोढल एरिया में दो और स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। केएमवी स्कूल के बाद शिव ज्योति और सेंट जोसेफ स्कूल को भी तुरंत खाली करवा लिया गया। इसके अलावा आईवीवाई वर्ल्ड स्कूल को भी धमकी मिलने की पुष्टि हुई है। एपीजे स्कूल और मेयर वर्ल्ड स्कूल में भी एहतियातन छुट्टी कर दी गई है।

बम निरोधक दस्ता कर रहा तलाशी
पुलिस ने सभी प्रभावित स्कूलों को खाली करवा कर बैरिकेडिंग कर दी है। बम निरोधक दस्ता हर कोने की गहनता से जांच कर रहा है ताकि किसी भी तरह का खतरा न रहे। स्कूल प्रबंधन ने बच्चों की सुरक्षा को सबसे ऊपर रखते हुए उन्हें सुरक्षित घर भेज दिया।

जल्द होगी प्रेस वार्ता
डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल और पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर कुछ देर में प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की विस्तृत जानकारी देने वाले हैं।

दो दिन पहले अमृतसर में भी हुआ था ऐसा ही मामला
गौरतलब है कि दो दिन पहले अमृतसर में भी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस समय भी ई-मेल मिलने के बाद स्कूलों में हड़कंप मच गया था और अभिभावक अपने बच्चों को लेने के लिए स्कूल पहुंचे थे। सुरक्षा कारणों से अमृतसर जिले के सभी स्कूलों को बंद करने के आदेश जारी किए गए थे।

ये भी देखेंः Islamabad ਫਾਇਰਿੰਗ ਮਾਮਲੇ ‘ਚ ਪੁਲਿਸ ਨੇ 1 ਦੋਸ਼ੀ ਕੀਤਾ ਕਾਬੂ, ADCP ਅੰਮ੍ਰਿਤਸਰ ਨੇ ਦਿੱਤੀ ਜਾਣਕਾਰੀ

Exit mobile version