Last Updated: October 29, 2026

Dainik Savera Times Logo

बुद्ध दरिया में गोबर डालने वालों पर कसेगा शिकंजा, FIR और संपत्ति सील करने के निर्देश

October 29, 2026

बुद्ध दरिया में गोबर डालने वालों पर कसेगा शिकंजा, FIR और संपत्ति सील करने के निर्देश

लुधियाना: बुद्ध दरिया को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए नगर निगम ने सख्ती बढ़ाने का फैसला किया है। दरिया में गोबर और डेयरी से निकलने वाला कचरा फेंकने वालों के खिलाफ अब कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम आयुक्त डॉ. अंकुर महिंद्रू ने अधिकारियों को नियमों का उल्लंघन करने वालों पर FIR दर्ज कराने और जरूरत पड़ने पर उनकी संपत्तियां सील करने के निर्देश दिए हैं।

यह फैसला बुधवार को सराभा नगर स्थित नगर निगम के जोन-डी कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान लिया गया। बैठक में बुद्ध दरिया की सफाई और पुनरुद्धार से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान संयुक्त आयुक्त अमनप्रीत सिंह और तपन भनोट, अधीक्षण अभियंता एकजोत सिंह, एमटीपी विजय कुमार सहित स्वास्थ्य शाखा, पुलिस और पशुपालन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

डेयरी परिसरों से गोबर उठाने की व्यवस्था पर जोर

बैठक में हैबोवाल और ताजपुर रोड स्थित डेयरी परिसरों से गोबर हटाने का जिम्मा संभाल रहे ठेकेदारों को भी बुलाया गया। उन्हें निर्देश दिया गया कि डेयरियों से गोबर का नियमित उठान सुनिश्चित किया जाए, ताकि कचरे को दरिया में फेंकने की नौबत न आए। नगर निगम आयुक्त ने अधिकारियों को संबंधित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और मौके पर जाकर स्थिति की जांच करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

दरिया को स्वच्छ रखने के लिए सहयोग की अपील

डॉ. अंकुर महिंद्रू ने डेयरी संचालकों से अपील की कि वे गोबर और अन्य अपशिष्ट पदार्थों को बुद्ध दरिया में न डालें। उन्होंने कहा कि जलधारा को प्रदूषण से बचाने के लिए प्रशासन के साथ-साथ स्थानीय कारोबारियों की भागीदारी भी जरूरी है। नगर निगम के अनुसार, दरिया में कचरा डालने वालों के खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसमें प्राथमिकी दर्ज कराने और संबंधित संपत्तियों को सील करने जैसे कदम शामिल हो सकते हैं। प्रशासन का उद्देश्य गोबर और डेयरी अपशिष्ट के कारण होने वाले प्रदूषण पर रोक लगाना तथा बुद्ध दरिया की सफाई और पुनरुद्धार के प्रयासों को प्रभावी बनाना है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि इस अभियान की नियमित निगरानी की जाए, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर समय रहते कार्रवाई हो सके।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें