Last Updated: October 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

फाजिल्का और एसएएस नगर (मोहाली) में ड्रग तस्करों के 2 और अवैध मकान पर चला बुलडोज़र

March 8, 2025

फाजिल्का और एसएएस नगर (मोहाली) में ड्रग तस्करों के 2 और अवैध मकान पर चला बुलडोज़र

एसएएस नगर (पंजाब): मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर शुरू की गई नशा विरोधी मुहिम ‘युद्ध नशिया विरुद्ध’ के दौरान नशा माफिया के खिलाफ अपनी कार्रवाई जारी रखते हुए पंजाब पुलिस ने शनिवार को स्थानीय प्रशासन की मदद से फाजिल्का और एसएएस नगर जिलों में दो नशा तस्करों के अवैध रूप से बनाए गए घरों की इमारतों को गिरा दिया है।

फाजिल्का के सीड फार्म गांव में बोहर सिंह नामक ड्रग तस्कर के घर पर बुलडोजर चलाकर उसे गिरा दिया गया। इस मौके पर एसएसपी वरिंदर सिंह बराड़ ने बताया कि आरोपी बोहर सिंह, जिसका घर गिराया गया है, पर एनडीपीएस एक्ट के तहत 21 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

एसएसपी बराड़ ने आगे चेतावनी दी कि जो कोई भी मादक पदार्थों की तस्करी के माध्यम से धन अर्जित करता है, उसकी संपत्ति या तो जब्त कर ली जाएगी या उसे ध्वस्त कर दिया जाएगा।

इसी प्रकार, एसएएस नगर में जिला पुलिस ने नगर परिषद खरड़ के सहयोग से जिले के जंडपुर गांव में नशा तस्करों के परिवार द्वारा अतिक्रमित पंचायती भूमि (अब खरड़ नगर निगम का हिस्सा) पर बनाए गए अनाधिकृत ढांचों को ध्वस्त कर दिया है।

इन ढांचों पर अवैध रूप से नशीले पदार्थों के तस्करों ने कब्जा कर रखा था, जिन पर विभिन्न धाराओं के तहत कई एफआईआर दर्ज हैं, जिनमें तीन एनडीपीएस और एक आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज है।

एसएसपी एसएएस नगर दीपक पारीक ने कहा कि नगर निगम खरड़ के अनुरोध पर यह तोड़फोड़ की गई, जिसने अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए पुलिस सहायता मांगी थी।

उन्होंने बताया कि आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी और उसके परिवार के सदस्यों पर 1999 से 2014 के बीच एनडीपीएस अधिनियम के तीन मामलों सहित सात एफआईआर दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान नगर निगम के अधिकारियों द्वारा चलाया गया और यह सुनिश्चित किया गया कि ध्वस्तीकरण का काम सुचारू रूप से हो, तथा किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए पर्याप्त कर्मियों को तैनात किया गया।

ये भी पढ़ें- बचा बड़ा हादसा: होशियारपुर आ रही एचआरटीसी बस के हुए ब्रेक फेल, अनियंत्रित होकर पहाड़ी से टकराई

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें