Site icon Dainik Savera Times

दिव्यांगजनों के लिए निर्धारित रोस्टर का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर द्वारा सख्त निर्देश जारी

चंडीगढ़: सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर द्वारा पंजाब भर के सरकारी कार्यालयों, संस्थानों और विश्वविद्यालयों में दिव्यांगजनों के लिए निर्धारित रोस्टर का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। पंजाब भवन में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक के दौरान सामाजिक सुरक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों और दिव्यांगजनों के विभिन्न यूनियनों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करते हुए डॉ. बलजीत कौर ने उनकी चिंताओं और समस्याओं को ध्यान से सुना। यूनियनों द्वारा बताया गया कि कई विभाग पदोन्नतियों में दिव्यांगजनों के रोस्टर बिंदु को सही ढंग से लागू नहीं कर रहे हैं। खासकर पंजाबी विश्वविद्यालय पटियाला में भी यह उल्लंघन हो रहा है।

इस बात का उच्च स्तर पर गंभीर संज्ञान लेते हुए, कैबिनेट मंत्री ने बैठक में उपस्थित विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रतिनिधियों से कहा कि तुरंत अपने रिकॉर्ड की जांच करवाएं और दिव्यांगजनों को उनके कोटे के अनुसार पदोन्नति देना सुनिश्चित करें। डॉ. बलजीत कौर ने सख्त शब्दों में चेतावनी दी कि दिव्यांग भाइयों-बहनों के अधिकारों का उल्लंघन करने वाले किसी भी अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार दिव्यांगजनों के अधिकारों की पूरी रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

इस दौरान मंत्री द्वारा सामाजिक सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को भी आदेश दिए गए कि सभी रोस्टरों की तुरंत जांच करके जहां-जहां उल्लंघन हुआ हो, वहां जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की सिफारिश की जाए। कैबिनेट मंत्री ने विश्वविद्यालय प्रशासन को भी निर्देश दिए कि अपनी स्तर पर दिव्यांगजन यूनियनों के साथ बैठक करके उनकी जायज मांगों का तुरंत समाधान किया जाए और इस बारे में रिपोर्ट जल्द से जल्द सामाजिक सुरक्षा विभाग को भेजी जाए। इस अवसर पर बैठक में सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास की विशेष मुख्य सचिव राजी पी. श्रीवास्तव, निदेशक शेना अग्रवाल, विशेष सचिव विम्मी भुल्लर, विभाग के उपनिदेशक के अलावा स्थानीय निकाय विभाग के अधिकारी तथा पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला के प्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें: Puducherry Assembly Elections :पुडुचेरी में 30 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी, रोबोट ने किया वोटरों का स्वागत

Exit mobile version