Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

केंद्र ने पंजाब के किसानों को शंभू बॉर्डर से 1 किलोमीटर दूर रखने को कहा

February 21, 2024

केंद्र ने पंजाब के किसानों को शंभू बॉर्डर से 1 किलोमीटर दूर रखने को कहा

चंडीगढ़: किसानों के कल दिल्ली कूच को देखते हुए केंद्र सरकार हरकत में आ गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से पंजाब सरकार से कहा गया है कि किसानों को पंजाब-हरियाणा की सीमाओं पर रोकने के लिए उचित सुरक्षा प्रबंध किए जाएं। उधर, हरियाणा पुलिस ने भी पंजाब पुलिस से संपर्क साथ कर कहा है कि पोकलेन और जेसीबी मशीनों के इस्तेमाल से शंभु बॉर्डर पर कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हो सकती है और ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों की जान को भी खतरा हो सकता है।

उन्होंने कहा कि ऐसी मशीनरी को सीमा से 1 किलोमीटर पीछे रखा जाए ताकि कानून और व्यवस्था की स्थिति को बनाए रखने में किसी तरह की दिक्कत न हो। भरोसेमंद सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पंजाब सरकार को पत्र भेजकर सीमा पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कहा है। मौजूदा हालात को देखते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निवास पर पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ सहित प्रदेश कार्यकारिणी के कुछ अन्य वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई। बैठक में किसानों के दिल्ली कूच के मसले पर गंभीर विचारविमर्श चला।

केंद्र ने 177 सोशल मीडिया खातों, वैब लिंक को अस्थायी रूप से ‘ब्लॉक’ किया
केंद्र सरकार ने किसानों के विरोध प्रदर्शन से जुड़े करीब 177 सोशल मीडिया खातों और वैब लिंक को अस्थायी रूप से ‘ब्लॉक’ करने का आदेश दिया है। सूत्रों ने बताया कि यह आदेश इलैक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने गृह मंत्रालय के अनुरोध पर आईटी (सूचना प्रौद्योगिकी) अधिनियम की धारा 69ए के तहत 14 और 19 फरवरी को जारी किए।

सूत्रों ने कहा, ‘कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए गृह मंत्रालय के अनुरोध पर 177 सोशल मीडिया खातों और वैब लिंक को अस्थायी रूप से ‘ब्लॉक’ करने के आदेश जारी किए गए हैं।’ उन्होंने बताया कि फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्विटर, स्नैपचैट और कुछ अन्य सोशल मीडिया मंचों के खातों और लिंक को ‘ब्लॉक’ करने का आदेश दिया गया है। सूत्र ने बताया कि किसान आंदोलन खत्म होने के बाद इन खातों को बहाल किया जा सकता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें