Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण में पंजाब अव्वल, शिक्षा सुधारों की मिसाल बनी पंजाब सरकार

January 3, 2026

राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण में पंजाब अव्वल, शिक्षा सुधारों की मिसाल बनी पंजाब सरकार

छात्रों के सीखने के नतीजों का आकलन करने और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के क्षेत्रों की पहचान करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद द्वारा देशव्यापी सर्वेक्षण कराया गया। केंद्र सरकार के राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण में पंजाब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देशभर में शीर्ष स्थान हासिल किया है।

कक्षा तीन की रैंकिंग में पंजाब ने अस्सी अंकों के साथ पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि हिमाचल प्रदेश को चौहत्तर और केरल को तिहत्तर अंक मिले। कक्षा छह में पंजाब और केरल दोनों ने सड़सठ-सड़सठ अंकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं कक्षा नौ की रैंकिंग में पंजाब ने सत्तावन अंकों के साथ देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान प्राप्त किया।

बता दें कि राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण में पंजाब के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने शिक्षकों, अधिकारियों और शिक्षा विभाग की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि यह पंजाब के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि राज्य ने बुनियादी शिक्षा में सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और भारत सरकार के राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण 2024 में पूरे देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। शिक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा किया गया विश्वस्तरीय शिक्षा का वादा अब एक उज्ज्वल वास्तविकता बन चुका है।

अगले स्तर के शिक्षा सुधारों की ओर बढ़ती पंजाब सरकार

पंजाब सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर बड़े सुधार कर रही है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में अब तक 231 करोड़ चौहत्तर लाख रुपये के निवेश से कुल 118 स्कूल ऑफ एमिनेंस स्थापित किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के अनुसार ये विद्यालय वंचित और पिछड़े वर्ग के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल हैं।

जाब सरकार का लक्ष्य युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनाना है। इसी उद्देश्य से स्कूल ऑफ एमिनेंस में विद्यार्थियों को निःशुल्क वर्दी प्रदान की जा रही है, छात्राओं के लिए बस सेवा की सुविधा उपलब्ध कराई गई है तथा सशस्त्र बलों, नीट, जेईई, सीएलएटी और निफ्ट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग दी जा रही है।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के अनुसार स्कूल ऑफ एमिनेंस और अन्य सरकारी विद्यालयों के कुल 265 विद्यार्थियों ने जेईई मेन्स उत्तीर्ण किया है, 44 विद्यार्थियों ने जेईई एडवांस्ड पास किया है और 848 विद्यार्थियों ने नीट परीक्षा में सफलता हासिल की है।

शिक्षक प्रशिक्षण और तकनीकी नवाचार पर जोर

पंजाब सरकार शिक्षक प्रशिक्षण को भी शिक्षा सुधारों की रीढ़ मानती है। इसके तहत व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम, तकनीकी एकीकरण और दक्षता आधारित शिक्षा मॉड्यूल लागू किए जा रहे हैं। पंजाब सरकार ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मद्रास के प्रवर्तक के सहयोग से पाँच हजार से अधिक शिक्षकों के लिए एक निःशुल्क ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया है, जिससे शिक्षक विद्यार्थियों के करियर मार्गदर्शक की भूमिका बेहतर ढंग से निभा सकें।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें