बठिंडा : बठिंडा जिले में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन और पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। इस वर्ष जनवरी से अगस्त महीने तक ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करने पर कुल 54,339 वाहनों के चालान काटे गए हैं। इन चालानों के जरिए कुल 1,04,87,200 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। यह जानकारी डिप्टी कमिश्नर राजेश धीमान ने जिला स्तरीय रोड सेफ्टी कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए साझा की।
बैठक के दौरान डिप्टी कमिश्नर ने जिले में सड़क सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की और संबंधित विभागों के अधिकारियों को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि सड़क हादसों में कमी लाने के लिए केवल नियम लागू करना ही नहीं, बल्कि आम जनता के बीच रोड सेफ्टी को लेकर जागरूकता फैलाना भी बेहद जरूरी है।
डिप्टी कमिश्नर ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक का सामाजिक कर्तव्य है। वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें और अपनी व दूसरों की जान की सुरक्षा को पहली प्राथमिकता दें। इस अवसर पर डीएसपी कर्मजीत सिंह संधावालिया, ट्रैफिक प्रभारी मेजर सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित थे।

