Last Updated: November 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

CIA स्टाफ जालंधर-ग्रामीण की बड़ी कार्रवाई, 2 नशा तस्करों को 260 ग्राम हेरोइन सहित किया गिरफ्तार

July 14, 2025

CIA स्टाफ जालंधर-ग्रामीण की बड़ी कार्रवाई, 2 नशा तस्करों को 260 ग्राम हेरोइन सहित किया गिरफ्तार

जालंधर: पंजाब सरकार द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए गए अभियान के अंतर्गत जालंधर ग्रामीण पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। सीआईए स्टाफ की टीम ने 260 ग्राम हेरोइन और एक अवैध हथियार के साथ दो नशा तस्करों को गिरफ्तार कर समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) जालंधर-ग्रामीण हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि जांच अधीक्षक सरबजीत राय और उप पुलिस अधीक्षक इंद्रजीत सिंह के मार्गदर्शन में सीआईए स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर पुष्प बाली के नेतृत्व में यह कार्यवाही की गई। विशेष गश्त के दौरान थाना करतारपुर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों -हरिंदर सिंह उर्फ गामा और गुरदीप सिंह, दोनों निवासी गांव लखोराह, बटाला  को गिरफ्तार किया।

12 जुलाई 2025 को सीआईए स्टाफ की टीम जब करतारपुर में गश्त कर रही थी, तो उन्होंने बागवानी विभाग के निकट एक सफेद रंग की सैविल क्रूज़ कार (नंबर PB-07-BY-1553) संदिग्ध स्थिति में खड़ी देखी। पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति ने घबराकर पास की घास में कुछ फेंका और भागने की कोशिश की, जबकि दूसरा व्यक्ति गाड़ी लेकर मौके से निकलने की कोशिश करने लगा।

पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए दोनों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान गाड़ी के डैशबोर्ड से 160 ग्राम हेरोइन, एक .32 बोर की रिवॉल्वर, 11 जिंदा कारतूस और वैध लाइसेंस बरामद किया गया। वहीं, घास में फेंके गए लिफाफे से अतिरिक्त 100 ग्राम हेरोइन भी मिली।

आरोपियों की पहचान और नेटवर्क

पूछताछ में पता चला कि मुख्य आरोपी हरिंदर सिंह उर्फ गामा एक पूर्व सैनिक है और ट्रक चालक के रूप में काम करता है, जबकि गुरदीप सिंह बटाला में स्टील वेल्डिंग की दुकान चलाता है। दोनों आरोपी तरनतारन क्षेत्र से सस्ते दामों में हेरोइन खरीदकर जालंधर और आसपास के क्षेत्रों में ऊँचे दामों पर बेचने का काम करते थे।

आरोपियों के खिलाफ थाना करतारपुर में NDPS एक्ट की धाराओं के तहत एफआईआर नंबर 156, दिनांक 12-07-2025 को मामला दर्ज किया गया है। अदालत से दोनों आरोपियों का 12 दिन का पुलिस रिमांड मंजूर किया गया है, जिसके तहत उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।

जांच की अगली दिशा

एसएसपी विर्क ने जानकारी दी कि आरोपियों की चल-अचल संपत्तियों की जांच की जा रही है और उनके आपराधिक नेटवर्क, संभावित सहयोगियों व सप्लाई चेन का भी पता लगाया जा रहा है। साथ ही बरामद रिवॉल्वर के लाइसेंस को रद्द करवाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

बरामदगी का ब्यौरा:

हेरोइन: 260 ग्राम

अवैध हथियार: एक रिवॉल्वर (.32 बोर) और 11 जिंदा कारतूस

वाहन: सैविल क्रूज़ कार (PB-07-BY-1553)

पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक बार फिर स्पष्ट हो गया है कि जालंधर ग्रामीण पुलिस नशे के सौदागरों के खिलाफ पूरी सख्ती से मोर्चा संभाले हुए है। समाज के सहयोग से पुलिस ऐसे अपराधों के विरुद्ध अभियान को और भी प्रभावी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें