Last Updated: November 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

मरीजों को बाहर से दवाइयां खरीदने की जरूरत न पड़े : सिविल सर्जन

November 27, 2026

मरीजों को बाहर से दवाइयां खरीदने की जरूरत न पड़े : सिविल सर्जन

Civil Surgeon Conducts Surprise Inspections of Health Centres : अमृतसर। पंजाब सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आम जनता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने तथा सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं एवं सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सिविल सर्जन अमृतसर डॉ. भारती धवन ने जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का औचक निरीक्षण किया।

इस निरीक्षण अभियान के तहत सिविल सर्जन डॉ. भारती धवन ने स्वयं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC), थरीएवाल का दौरा किया, जबकि जिला परिवार कल्याण अधिकारी डॉ. नीलम भगत ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), लोपोके का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली का विस्तृत जायजा लिया गया। इसमें आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता एवं स्टॉक, बाह्य रोगी विभाग (OPD), अस्पताल के वार्डों, एक्स-रे सुविधाओं, लेबर रूम, प्रयोगशाला सेवाओं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य (MCH) विभाग तथा गैर-संचारी रोग (NCD) क्लिनिक की विशेष रूप से जांच की गई।

इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य संस्थानों के बुनियादी ढांचे, साफ-सफाई तथा सभी विभागों की कार्यप्रणाली का भी गहन मूल्यांकन किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मरीजों से सीधे बातचीत कर अस्पतालों में मुफ्त दवाइयों, प्रयोगशाला जांचों तथा एक्स-रे सुविधाओं की उपलब्धता एवं सुलभता के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। इसके अलावा स्टाफ की उपस्थिति, आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (ABHA) आईडी बनाने की प्रगति, मुख्यमंत्री सेहत योजना (MMSY) के क्रियान्वयन तथा अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं की भी विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।

इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. भारती धवन ने संबंधित स्टाफ को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों को निर्धारित सभी दवाइयां निर्बाध रूप से निःशुल्क उपलब्ध करवाई जाएं, ताकि किसी भी मरीज को बाहर से दवाइयां खरीदने की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने स्वास्थ्य संस्थानों में साफ-सफाई एवं स्वच्छता के उच्च मानक बनाए रखने, समय की पाबंदी सुनिश्चित करने तथा पूरी निष्ठा, जवाबदेही और सेवा भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश भी दिए। डॉ. धवन ने जोर देते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को सुलभ, किफायती एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को विभागीय दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने तथा मरीजों की देखभाल को सर्वोपरि रखते हुए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आगे कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने, स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने तथा सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ आम जनता तक सुनिश्चित रूप से पहुंचाने के लिए नियमित निगरानी एवं औचक निरीक्षण का सिलसिला जारी रहेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें