Last Updated: November 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

लुधियाना पहुंचे CM भगवंत मान: शहीद करतार सिंह सराभा को अर्पित किए श्रद्धा-सुमन

November 16, 2026

लुधियाना पहुंचे CM भगवंत मान: शहीद करतार सिंह सराभा को अर्पित किए श्रद्धा-सुमन

लुधियाना: पंजाब के महान क्रांतिकारी शहीद करतार सिंह सराभा के 111वें शहीदी दिवस पर आज उनके पैतृक गांव सराभा में राज्य स्तरीय श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस मौके पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान लुधियाना जिले के गांव सराभा पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने शहीद के स्मारक और उनके पैतृक घर पर पहुंचकर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए और देश की आजादी के लिए दिए गए उनके बलिदान को याद किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य स्तरीय समागम में हिस्सा लिया और लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि शहीद करतार सिंह सराभा का बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा।

CM मान ने सुनाया गांव से जुड़ा खास किस्सा

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शहीद करतार सिंह सराभा के प्रति गांव के लोगों की भावनाओं का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री बनने के बाद जब वह पहली बार गांव पहुंचे थे, तो लोगों ने उनसे कहा था कि बाबा जी की छुट्टी नहीं है।

सीएम मान ने कहा कि गांव के लोग आज भी करतार सिंह सराभा को सम्मान से बाबा जी कहकर पुकारते हैं। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों से इस संबंध में कदम उठाने को कहा, जिसके बाद से लगातार उनकी शहादत के दिन छुट्टी मनाई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब शहीद करतार सिंह सराभा की शहादत को पूरे देश में याद किया जा रहा है। उनका जीवन देशभक्ति और साहस की मिसाल है।

कौन थे शहीद करतार सिंह सराभा?

शहीद करतार सिंह सराभा भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के उन महान क्रांतिकारियों में शामिल थे, जिन्होंने बहुत कम उम्र में देश को अंग्रेजों की गुलामी से आजाद कराने का संकल्प लिया था। उनका जन्म 24 मई 1896 को पंजाब के लुधियाना जिले के गांव सराभा में हुआ था।

बचपन में ही पिता मंगल सिंह का निधन हो गया था। इसके बाद उनके दादा बदन सिंह ने उनका पालन-पोषण किया। शुरुआती शिक्षा पूरी करने के बाद वे उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका चले गए।

अमेरिका में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ जगी क्रांति की भावना

करतार सिंह सराभा जब कम उम्र में अमेरिका पहुंचे, तो वहां भारतीयों के साथ होने वाले भेदभाव और नस्लीय अपमान ने उन्हें काफी प्रभावित किया। इसी दौरान उनके मन में देश को ब्रिटिश शासन से मुक्त कराने का विचार मजबूत हुआ।

उन्होंने कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय, बर्कले में रसायन विज्ञान की पढ़ाई की। पढ़ाई के साथ-साथ वे भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ गए और विदेशों में रहने वाले भारतीयों को आजादी की लड़ाई के लिए प्रेरित करने लगे।

महज 19 साल की उम्र में देश के लिए दी क़ुरबानी

21 फरवरी 1915 को प्रस्तावित विद्रोह की योजना असफल होने के बाद अंग्रेजी सरकार ने क्रांतिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी। करतार सिंह सराभा को गिरफ्तार कर लिया गया और उन पर लाहौर षड्यंत्र केस के तहत मुकदमा चलाया गया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें