Site icon Dainik Savera Times

Punjab Weather: पंजाब में बदला मौसम, बारिश और हवाओं से लौटी ठंड; कई शहरों में आज भी अलर्ट

Punjab Weather Update

Punjab Weather Update

Punjab Weather Today: पंजाब में मौसम ने अचानक करवट ली है। बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के चलते राज्यभर में ठंड दोबारा बढ़ गई है। सुबह और शाम के समय सर्द हवाओं ने लोगों को फिर से गर्म कपड़े पहनने पर मजबूर कर दिया है। बीते 24 घंटों में तापमान में औसतन 2.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जो सामान्य से करीब 6 डिग्री नीचे पहुंच गया है।

चंडीगढ़ और लुधियाना में टूटा रिकॉर्ड

चंडीगढ़ में तापमान 20.8°C दर्ज किया गया, जो मार्च महीने में पिछले दो वर्षों का सबसे ठंडा स्तर है। वहीं लुधियाना में 50 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया। 1976 के बाद पहली बार मार्च में तापमान गिरकर 20.4°C तक पहुंचा है।

ऑरेंज अलर्ट जारी, तेज हवाओं और ओलों की चेतावनी

मौसम विभाग ने 20 मार्च के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कई जिलों में 40–50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। अमृतसर, जालंधर, पठानकोट और पटियाला समेत कई जिलों में मौसम का असर देखने को मिल सकता है।

पठानकोट में रातभर बारिश, ठंड में इजाफा

पठानकोट में गुरुवार रात रुक-रुक कर बारिश होती रही, जिससे तापमान में गिरावट आई। शुक्रवार सुबह भी आसमान में बादल छाए रहे। यहां अगले 24 घंटों के लिए तेज बारिश और आंधी की चेतावनी दी गई है।

सबसे ज्यादा बारिश आनंदपुर साहिब में

पिछले 24 घंटों में आनंदपुर साहिब में 10 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो राज्य में सबसे अधिक है। इसके अलावा चंडीगढ़, संगरूर और अमृतसर में भी हल्की से मध्यम वर्षा हुई।

ये भी पढ़ें:

क्यों बदला मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, ऊपरी वायुमंडल में बने चक्रवाती सिस्टम और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की सक्रियता के कारण यह बदलाव हुआ है। यह सिस्टम पाकिस्तान की ओर से सक्रिय होकर उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर रहा है।

आगे कैसा रहेगा मौसम

विशेषज्ञों के मुताबिक, 21, 23 और 24 मार्च को मौसम शुष्क रह सकता है, जबकि 22 और 25 मार्च को हल्की बारिश की संभावना है। अगले 48 घंटों में तापमान में और 3–4 डिग्री की गिरावट हो सकती है, जिसके बाद फिर धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने के आसार हैं।

Exit mobile version