Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

लुधियाना पुलिस की ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 16 किलो अफीम और 3.134 किलो हेरोइन बरामद

October 7, 2026

लुधियाना पुलिस की ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 16 किलो अफीम और 3.134 किलो हेरोइन बरामद

लुधियाना : पंजाब सरकार के ‘ड्रग्स के खिलाफ जंग’ अभियान के तहत लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। पुलिस के अनुसार, एक सप्ताह तक चले इस अभियान में अलग-अलग इलाकों में छापेमारी और घेराबंदी कर संदिग्ध ठिकानों की जांच की गई। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान 16 किलो अफीम और 3.134 किलो हेरोइन बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा नशीले पदार्थों की बिक्री से मिले बताए जा रहे 1.05 लाख रुपये, एक बलेनो कार, पांच इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीनें और 80 पैकिंग लिफाफे भी जब्त किए गए। पुलिस के मुताबिक, मामले में सात प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

जमालपुर में 16 किलो अफीम बरामद

पुलिस के मुताबिक, क्राइम ब्रांच की टीम ने जमालपुर इलाके में कार्रवाई करते हुए कुणाल शर्मा उर्फ मुन्ना को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 16 किलो अफीम, मारुति सुजुकी बलेनो कार और एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन मिलने की बात कही गई है। इस मामले में जमालपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

हेरोइन सप्लाई नेटवर्क पर भी कार्रवाई

शिमलापुरी थाना क्षेत्र में स्पेशल सेल की टीम ने भी कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, टीम ने कथित अंतरराज्यीय हेरोइन सप्लाई नेटवर्क से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 3.134 किलो हेरोइन बरामद की। इस दौरान 1.05 लाख रुपये, चार इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीनें और 80 पैकिंग लिफाफे भी जब्त किए गए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशे की सप्लाई कहां से हो रही थी और इसे आगे किन इलाकों में पहुंचाया जाना था।

CASO के दौरान 42 संदिग्ध हिरासत में

पुलिस ने 7 अक्टूबर को जसपाल बांगर और हीरो सुमन नगर इलाके में भी घेराबंदी और तलाशी अभियान (CASO) चलाया। इस दौरान पुलिस ने पूछताछ के लिए 42 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, जांच के आधार पर अलग-अलग थानों में आठ लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए जा रहे हैं।

सप्लाई नेटवर्क और पैसों की जांच जारी

पुलिस कमिश्नर सपना शर्मा ने कहा कि नशे की तस्करी से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के जरिए पुलिस कथित अंतरराज्यीय सप्लाई चैन और स्थानीय स्तर पर नशे के वितरण से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है।इसके साथ ही पुलिस नशे के कारोबार से जुड़ी कथित संपत्ति और पैसों के लेन-देन की भी जांच कर रही है, ताकि तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें