
Cycle Buddies Celebrate Diwali with BSF Personnel at Attari Border : अमृतसर। साइकिल बडीज़ संस्था के सदस्यों ने अटारी सीमा के निकट बीएसएफ चौकी पहुंचकर जवानों के साथ दीपावली मनाई। सदस्यों ने मिठाइयां बांटकर और मोमबत्तियां जलाकर देश के रक्षकों के त्याग और समर्पण को सलाम किया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए श्री सुखपाल सिंह संधू ने बताया कि भारतीय सेना, बीएसएफ, अन्य अर्धसैनिक बलों तथा पंजाब पुलिस के जवान देश की सुरक्षा के लिए विभिन्न सीमावर्ती एवं संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात रहते हैं। अपनी ड्यूटी के कारण ये जवान कई बार दीपावली सहित अन्य महत्वपूर्ण त्योहार अपने परिवारों के साथ नहीं मना पाते। उन्होंने कहा कि देश के इन बहादुर जवानों के त्याग, बलिदान और समर्पण को सम्मान देने के उद्देश्य से साइकिल बडीज़ ने इस बार दीपावली का पर्व सीमा पर तैनात जवानों के साथ मनाने का निर्णय लिया।
इसी कड़ी में साइकिल बडीज़ के सदस्यों ने बीएसएफ चौकी पर जवानों का मुंह मीठा करवाया तथा मोमबत्तियां जलाकर दीपावली का त्योहार मनाया। इस दौरान सदस्यों ने जवानों के साथ खुशियां साझा कीं और देश के प्रति उनके समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। इसके बाद साइकिल बडीज़ के सदस्यों ने देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए शहीद हुए बहादुर सैनिकों के स्मारक पर मोमबत्तियां जलाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि देश के बहादुर सैनिकों के त्याग और बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र एवं सुरक्षित वातावरण में अपने त्योहार मना पा रहे हैं।
इस अवसर पर अपने संबोधन में गुरप्रीत सिंह ने कहा कि साइकिल चलाना शरीर को स्वस्थ एवं चुस्त-दुरुस्त रखने का एक बेहतरीन माध्यम है। उन्होंने कहा कि साइकिल बडीज़ का मुख्य उद्देश्य लोगों को साइकिल चलाने के लिए प्रेरित करना है। साइकिल के उपयोग से जहां शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर रहता है, वहीं ऊर्जा की बचत होती है और आर्थिक खर्चों में भी कमी आती है। उन्होंने प्रत्येक भारतीय से अपने दैनिक जीवन में साइकिल का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की।