जालंधर: आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के मौके पर, भाजपा के प्रमुख नेता अविनाश चंद्र (पूर्व मुख्य संसदीय सचिव), शीतल अंगुराल (जालंधर वेस्ट से पूर्व विधायक), अशोक सरीन हिक्की (जालंधर भाजपा महामंत्री) और जॉर्ज सागर (मंडल भाजपा प्रधान) डेरा सच्चखंड बल्ला, रायपुर पहुंचे। यहां उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की लंबी उम्र और उनके स्वस्थ जीवन के लिए माथा टेका और श्री गुरु रविदास जन्म स्थान पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट (वाराणसी) और डेरा बल्ला प्रमुख संत निरंजन दास जी से आशीर्वाद लिया।

संत निरंजन दास जी ने भाजपा नेताओं को बधाई दी और प्रधानमंत्री मोदी की तरक्की, लंबी उम्र और स्वस्थ जीवन के लिए विशेष अरदास करवाई। इस दौरान उन्होंने भाजपा नेताओं को प्रसाद भी दिया। इसके बाद भाजपा नेताओं ने संत निरंजन दास जी का धन्यवाद किया। भाजपा नेताओं ने बताया कि डेरा बल्ला प्रमुख संत निरंजन दास जी, प्रधानमंत्री मोदी के लोकसभा क्षेत्र स्थित गुरु रविदास महाराज के जन्म स्थान के भी प्रमुख हैं। उनके नेतृत्व में बड़े आयोजन होते हैं, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी खुद भी शामिल होते हैं। जब कोविड के दौरान गुरु रविदास महाराज की तबियत खराब हुई थी, तब प्रधानमंत्री मोदी ने खुद उनका हालचाल लिया था।

भाजपा नेताओं ने संत निरंजन दास जी की सेवा भावना और कौम के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से करोड़ों लोग अपना जीवन सफल बना रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आज की अरदास से प्रधानमंत्री मोदी को देश और समाज के लिए काम करने में और बल, सहयोग और ईश्वरीय आशीर्वाद मिलेगा।
मेष: दिन शुभ रहेगा...