Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

पंजाब के आम आदमी क्लीनिक में डिजिटल हेल्थ क्रांति, अब WhatsApp पर इलाज की पूरी जानकारी

August 3, 2025

पंजाब के आम आदमी क्लीनिक में डिजिटल हेल्थ क्रांति, अब WhatsApp पर इलाज की पूरी जानकारी

चंडीगढ़: पंजाब सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं में एक बड़ा तकनीकी कदम उठाते हुए आम आदमी क्लीनिकों में व्हाट्सएप-आधारित प्रणाली की शुरुआत कर दी है। इस नई सुविधा के तहत मरीज़ों को अब दवाइयों की जानकारी, लैब रिपोर्ट और अगली अपॉइंटमेंट की तारीख उनके व्हाट्सएप नंबर पर भेजी जाएगी। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज इस डिजिटल सुविधा का औपचारिक उद्घाटन किया।

यह प्रणाली पंजाब के आम आदमी क्लीनिकों में इलाज की प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी, तेज़ और सुविधाजनक बनाएगी। अब पर्चियां संभालने की ज़रूरत नहीं होगी सारी जानकारी डिजिटली मरीज़ तक पहुंचेगी।

सरकार ने इलाज को पाँच आसान चरणों में बाँटकर इसे सुव्यवस्थित किया है:

मरीज़ क्लीनिक पर पहुँचकर रजिस्ट्रेशन करवाएगा।

उसकी मेडिकल हिस्ट्री डॉक्टर को स्वचालित रूप से उपलब्ध हो जाएगी।

जांच के बाद डॉक्टर फार्मासिस्ट व क्लिनिक सहायक को जरूरी निर्देश देंगे।

मरीज़ को दवाइयाँ और ज़रूरी लैब टेस्ट उसी समय किए जाएंगे।

अंत में, सभी संबंधित जानकारी मरीज़ के व्हाट्सएप पर भेज दी जाएगी जैसे कि मेडिकल रिपोर्ट, अगली विज़िट की तारीख और इलाज की आगे की योजना।

100+ टेस्ट, 107 ज़रूरी दवाइयाँ और 880+ क्लीनिक

राज्य भर में इस समय 880 से अधिक आम आदमी क्लीनिक काम कर रहे हैं इनमें 565 ग्रामीण क्षेत्रों में और 316 शहरी इलाकों में स्थित हैं। अब तक 1.3 करोड़ से ज़्यादा लोग इन क्लीनिकों से लाभ ले चुके हैं, जबकि ओपीडी का आंकड़ा 3.7 करोड़ को पार कर चुका है। यह पिछली सरकार के समय के मुकाबले चार गुना से अधिक वृद्धि है।

इन क्लीनिकों में पहले से ही मुफ़्त डॉक्टर परामर्श, 107 आवश्यक दवाइयाँ और 100 से अधिक तरह की जाँचें की जाती हैं जैसे कि डायग्नोस्टिक टेस्ट, डेंगू, टाइफाइड, HBA1C, एचआईवी, गर्भावस्था जांच और अल्ट्रासाउंड। अब जीवन रक्षक इंजेक्शन भी इस सेवा का हिस्सा होंगे।

स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और भरोसा

डिजिटल सिस्टम के माध्यम से मरीज़ों को अपनी मेडिकल जानकारी तत्काल और पारदर्शी रूप से मिल रही है, जिससे डॉक्टर और मरीज़ के बीच विश्वास बढ़ेगा। सरकार का मानना है कि यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं में क्रांति ला सकती है और देशभर में एक उदाहरण बन सकती है।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि हर नागरिक को समय पर, सटीक और मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं मिलें। व्हाट्सएप इंटीग्रेशन इस दिशा में बड़ा कदम है, जिससे मरीज़ों को सुविधा भी मिलेगी और सिस्टम में पारदर्शिता भी आएगी।”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें