Last Updated: November 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

November 28, 2026

बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

अमृतसर: जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन के सहयोग से जिला युवा विकास संगठन (ZYVS), अमृतसर द्वारा 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, शिवाला भैया, अमृतसर में जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के विरुद्ध जागरूकता पैदा करना तथा बच्चों के सुरक्षित, शिक्षित और उज्ज्वल भविष्य के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को एकजुट होकर कार्य करने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री तरनजीत सिंह बाजवा ने शिरकत की। इस अवसर पर समाजसेवी बलविंदर सिंह, CRA प्रोजेक्ट अधिकारी श्रीमती दिव्या शर्मा, स्कूल के प्रिंसिपल श्री मुख्तार सिंह, जिला युवा विकास संगठन की जिला कोऑर्डिनेटर निशा, CSW अनुरीत कौर, अमानत और राहुल सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता गतिविधियां और महिला सशक्तिकरण से संबंधित संदेश प्रस्तुत किए गए। इसके साथ ही बाल विवाह के दुष्प्रभावों, बच्चों के अधिकारों, शिक्षा के महत्व और लड़कियों के सशक्तिकरण के बारे में लोगों को विस्तार से जागरूक किया गया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि बचपन प्रत्येक बच्चे का बुनियादी अधिकार है। कम उम्र में विवाह करवाकर किसी भी बच्चे से उसका बचपन, शिक्षा, सपने और बेहतर भविष्य के अवसर नहीं छीनने चाहिए। बाल विवाह केवल एक सामाजिक कुरीति ही नहीं, बल्कि बच्चों के अधिकारों का गंभीर उल्लंघन भी है। इसे समाप्त करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बाल विवाह को समाप्त करने के लिए केवल सरकारी प्रयास ही पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति, अभिभावकों, शिक्षकों, पंचायत प्रतिनिधियों, युवाओं और सामाजिक संगठनों को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। जब समाज का प्रत्येक वर्ग इस बदलाव के लिए आगे आएगा, तभी बाल विवाह जैसी कुरीति को पूरी तरह समाप्त किया जा सकेगा।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को बाल विवाह न करने और न होने देने की शपथ भी दिलाई गई। इसके साथ ही लोगों से अपील की गई कि यदि उन्हें अपने आसपास कहीं बाल विवाह होने की जानकारी मिलती है तो वे तुरंत संबंधित प्रशासन और बाल संरक्षण विभाग को सूचित करें तथा इस सामाजिक बदलाव का हिस्सा बनें, जिला युवा विकास संगठन का उद्देश्य वर्ष 2030 तक बाल विवाह समाप्त करने के राष्ट्रीय लक्ष्य की प्राप्ति में सक्रिय योगदान देना है। संगठन जिला प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस विभाग, पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और अन्य संबंधित विभागों के सहयोग से बाल अधिकारों की रक्षा तथा बाल विवाह की रोकथाम के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

इस 100 दिवसीय अभियान के माध्यम से संगठन का प्रयास है कि गांव-गांव और घर-घर तक बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता पहुंचाई जाए, समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जाए तथा बच्चों को शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और समान अवसर प्रदान करने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएं, जिला युवा विकास संगठन का संदेश स्पष्ट है कि प्रत्येक बच्चे को अपना बचपन जीने, शिक्षा प्राप्त करने और अपने सपनों को पूरा करने का अधिकार है। बच्चों का भविष्य सुरक्षित करना केवल परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें