Site icon Dainik Savera Times

विवाहिता की संदिग्ध मौत मामले में दहेज हत्या का केस दर्ज, पति-ससुर गिरफ्तार

खन्ना: सिंह एवेन्यू खन्ना खुर्द रोड में विवाहिता रमन कौर की संदिग्ध मौत मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मृतका के पति अमृतपाल सिंह और ससुर भाग सिंह के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई मृतका के भाई दर्शन सिंह निवासी सलाणा दुल्ला सिंह वाला (अमलोह) की शिकायत पर की गई। डीएसपी अमृतपाल सिंह भाटी ने बताया कि सोमवार को सामने आए इस मामले की जांच हर एंगल से की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मंगलवार को सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद रमन कौर का शव परजिनों को सौंप दिया गया। मृतका के भाई दर्शन सिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि उनकी बहन की शादी करीब पांच महीने पहले अमृतपाल सिंह के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसे दहेज के लिए मानिसक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल वाले कार और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे। आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण यह मांग पूरी नहीं हो सकी, जिस वजह से रमन को लगातार यातनाएं दी गईं।

परिजनों का आरोप है कि रमन को अक्सर कमरे में बंद कर दिया जाता था और मायके फोन तक करने की अनुमति नहीं दी जाती थी। सोमवार शाम अचानक उन्हें सूचना मिली कि रमन ने फांसी लगा ली है। जब वे मौके पर पहुंचे तो रमन के शरीर पर चोटों के कई निशान थे। उसकी पीठ भी पूरी तरह नीली पड़ी थी। परजिनों का दावा है कि रमन की पहले हत्या की गई और फिर इसे आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पंखे से लटका दिया गया।

ये भी पढ़ें : गले में फंसा रसगुल्ला और रूक गईं सांसे… शादी में खाना खा रहे व्यक्ति की दर्दनाक मौत

Exit mobile version