Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

गुरु रविदास महाराज के 650वें प्रकाश पर्व पर बठिंडा में ड्रोन शो

August 29, 2026

गुरु रविदास महाराज के 650वें प्रकाश पर्व पर बठिंडा में ड्रोन शो Drone show in Bathinda on Prakash Parv : बठिंडा। श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में पंजाब सरकार बठिंडा जिले के पांच विधानसभा क्षेत्रों में भव्य ड्रोन शो आयोजित करने जा रही है। इसी श्रेणी का पहला शो पहली सितंबर को तलवंडी साबो में शाम 6:30 बजे होगा, जिसमें करीब 500 ड्रोन आसमान में गुरु साहिब के जीवन, वाणी और समानता, भाईचारे व मानवता के संदेश को दर्शाएंगे। इस बारे में जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर राजेश धीमान ने बताया कि लगभग 500 ड्रोन एक साथ आसमान में उड़ेंगे और श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन, वाणी और महान शिक्षाओं पर आधारित एक मनमोहक और आकर्षक प्रदर्शन करेंगे। यह अनोखा ड्रोन शो संगत को गुरु साहिब के सर्व-कल्याण, समानता, भाईचारे और मानवता के कल्याण के संदेश से जोड़ने का एक विशेष प्रयास है। उन्होंने बताया कि तलवंडी साबो में होने वाला यह ड्रोन शो 1 सितंबर को शाम 6:30 बजे शुरू होगा। उन्होंने कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज जी ने अपनी वाणी में समानता, एकजुटता और मानवता की सेवा का जो संदेश दिया था, वही संदेश नई और आधुनिक तकनीक के माध्यम से ड्रोन शो के जरिए श्रद्धालुओं तक पहुंचाया जाएगा। डिप्टी कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, परिवहन, वाहन पार्किंग और लोगों की सुविधा के लिए उचित इंतजाम सुनिश्चित करें। उन्होंने शो देखने आने वाले श्रद्धालुओं के लिए साफ पीने के पानी, बैठने की व्यवस्था, अनाज मंडी की सफाई, बिजली की निर्बाध आपूर्ति और अन्य आवश्यक सुविधाओं के उचित इंतजाम करने के लिए भी कहा। उन्होंने जिले के निवासियों से अपील की कि वे अपने परिवारों और बच्चों के साथ इस अनोखे ड्रोन शो में शामिल हों, इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनें और श्री गुरु रविदास महाराज जी की महान शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लें। उन्होंने बताया कि तलवंडी साबो के बाद, ऐसे ही खास ड्रोन शो 7 सितंबर को गवर्नमेंट स्कूल मौड़ मंडी, 8 सितंबर को दाना मंडी रामपुरा फूल, 9 सितंबर को दाना मंडी भुच्चो और 10 सितंबर को शहीद भगत सिंह मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स स्टेडियम बठिंडा में भी आयोजित किए जाएंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें