Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

Indo-Pak Border पर ड्रग तस्करी का बड़ा खुलासा, 125 करोड़ की हेरोइन और हथियार बरामद

February 8, 2026

Indo-Pak Border पर ड्रग तस्करी का बड़ा खुलासा, 125 करोड़ की हेरोइन और हथियार बरामद

अमृतसर: भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सक्रिय ड्रग तस्करी नेटवर्क के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी कामयाबी मिली है। सीमा सुरक्षा बल (BSF) और पंजाब पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अमृतसर के सीमावर्ती गांव घोगा से भारी मात्रा में हेरोइन और हथियार बरामद किए गए हैं।

अधिकारियों के अनुसार, गांव के एक मकान से कुल 25 किलो हेरोइन जब्त की गई, जिसे 10 पैकेटों में छिपाकर रखा गया था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह खेप पाकिस्तान से तस्करी कर भारत लाई गई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 125 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

ड्रग्स के साथ-साथ सुरक्षा बलों ने मौके से 2 पिस्टल, 4 मैगज़ीन और 60 ज़िंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। सभी सामग्री को कब्जे में लेकर एजेंसियों ने तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान और लिंक तलाशने के लिए जांच तेज कर दी है।

गुरदासपुर में भी बड़ा एक्शन, दो तस्कर गिरफ्तार

इससे पहले गुरदासपुर जिले में भी पुलिस ने ड्रग माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो संगठित तस्करी गिरोहों का पर्दाफाश किया। पुलिस ने 11 किलो हेरोइन और 5.75 लाख रुपये की ड्रग मनी के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद वसीम (निवासी कासिमपुर, मुज़फ़्फ़रनगर, उत्तर प्रदेश) और हर्षदीप सिंह उर्फ हर्ष (निवासी अमृतसर) के रूप में हुई है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ड्रग तस्करी में इस्तेमाल हो रही दो गाड़ियों सफेद होंडा सिटी और हुंडई वर्ना को भी ज़ब्त कर लिया है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इन नेटवर्क्स के तार सीमा पार किन-किन लोगों से जुड़े हैं।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

लगातार हो रही इन बरामदगियों से साफ है कि सीमा पार से नशे की तस्करी की कोशिशें जारी हैं, हालांकि सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ ऐसे नेटवर्क्स को ध्वस्त करने में लगी हुई हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें