Site icon Dainik Savera Times

ईडी ने हरियाणा कांग्रेस के सोनीपत विधायक Surender Panwar को किया गिरफ्तार

चंडीगढ़: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने हरियाणा कांग्रेस के सोनीपत विधायक सुरेंद्र पंवार को गिरफ्तार कर लिया। अदालत ने पंवार को नौ दिन के ईडी रिमांड पर भेज दिया है। ईडी ने यह गिरफ्तारी खनन कारोबार में गड़बड़ी के आरोप में की है। ईडी ने कुछ महीने पहले सुरेंद्र पंवार के ठिकानों पर छापेमारी की थी। उसके बाद लोकसभा चुनाव हो गए। अब ईडी ने यह बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने कांग्रेस के दूसरे विधायक राव दान सिंह के ठिकानों से 1.42 करोड़ रुपये की नकदी जब्त की है। दो दिन तक उनके ठिकानों पर छापेमारी चल रही थी। सुरेंद्र पंवार को जिस केस में गिरफ्तार किया गया है, उसी केस में यमुनानगर से इनेलो के पूर्व विधायक दिलबाग सिंह को भी गिरफ्तार किया था। बाद में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने दिलबाग सिंह की गिरफ्तारी को अवैध ठहराकर निचली अदालत के दिलबाग सिंह को रिमांड पर भेजने के आदेश को गलत करार दिया था।

कांग्रेस पंवार के पक्ष में आई, भाजपा की बौखलाहट बताई : कांग्रेस विधायक दल के उपनेता आफताब अहमद, चीफ व्हिप भारत भूषण बतरा, पूर्व मंत्री गीता भुक्कल, सीनियर विधायक जगबीर मलिक ने शनिवार को संयुक्त बयान जारी कर कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में निश्चित हार सामने देख भारतीय जनता पार्टी बौखला गई है और जाँच एजेंसियो के खुले दुरुपयोग पर उतर आई है। उन्होंने कहा कि ईडी की तरफ से सुरेंद्र पंवार की गिरफ्तारी और राव दान सिंह के ठिकानों पर छापेमारी का समय इसका जीता-जागता उदाहरण है। यह भाजपा का अपने राजनीतिक विरोधियों को बेवजह डराने-धमकाने का कुत्सित प्रयास है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई केंद्र सरकार के इशारे पर प्रदेश में कांग्रेस विधायकों और कांग्रेसजनों पर यह कार्रवाई साबित करती है कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को भरपूर समर्थन मिलने के बाद भाजपा पूरी तरह से हताश और बेबस है। उन्होंने देश की न्यायिक व्यवस्था में विश्वास जताते हुए कहा कि राजनीति से प्रेरित ऐसे मुकदमों की पोल जल्द खुल जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सब समझती है और भाजपा का संविधान और लोकतंत्र विरोधी चेहरा पूरी तरह बेनकाब हो चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है और आने वाले विधानसभा चुनाव में हरियाणा की बहादुर जनता अपनी वोट की चोट से इनको करारा जवाब देगी। उधर, कांग्रेस के महासचिव और सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बयान जारी कर कहा कि विधायक सुरेंद्र पंवार की गिरफ्तारी पूरी तरह राजनीति से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि यह भाजपा सरकार की बौखलाहट का हिस्सा है। पंवार ने सोनीपत की जनता की सेवा की है जिस कारण वे कांग्रेस विधायक बने। सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा सरकार सत्ता से जा रही है तभी वह इस तरह के हथकंडे अपना रही है।

Exit mobile version