Dainik Savera Times

मंत्री संजीव अरोड़ा के घर ED की रेड, CM भगवंत मान बोले- पंजाब मोदी की चालों के आगे कभी नहीं झुकेगा

Sanjeev Arora

पंजाब डेस्क: पंजाब सरकार के मंत्री संजीव अरोड़ा के चंडीगढ़ स्थित घर पर शनिवार सुबह ED की टीम ने छापेमारी की। यह कार्रवाई चंडीगढ़ के सेक्टर-2 स्थित उनके आवास पर की गई। सुबह करीब 20 गाड़ियों में ईडी अधिकारी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद इलाके में हलचल बढ़ गई। सूत्रों के अनुसार, ईडी की टीम सुबह से ही घर के अंदर दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच में जुटी रही। हालांकि, अभी तक एजेंसी की ओर से आधिकारिक रूप से यह नहीं बताया गया है कि छापेमारी किस मामले में की गई है।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भाजपा पर साधा निशाना

ईडी की कार्रवाई के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज फिर BJP ED संजीव अरोड़ा के घर आई है। एक साल में यह तीसरी बार है जब BJP ED उनके घर आई है और एक महीने में दूसरी बार। फिर भी उन्हें कुछ नहीं मिला। मैं मोदी जी को बताना चाहता हूं कि पंजाब गुरुओं की धरती है, इसे औरंगजेब भी नहीं झुका सका। यह भगत सिंह की धरती है जो कभी अंग्रेजों के आगे नहीं झुके, इसलिए पंजाब भी मोदी की चालों के आगे कभी नहीं झुकेगा। पंजाब ED-BJP के इस गलत गठबंधन को खत्म कर देगा।

ये भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार की शुरुआत, शुभेंदु अधिकारी आज 11 बजे मुख्यमंत्री पद की लेंगे शपथ

दो दिन पहले मोहाली और चंडीगढ़ में भी हुई थी कार्रवाई

इससे पहले वीरवार को भी ईडी ने मोहाली और चंडीगढ़ में एक साथ कई जगहों पर छापेमारी की थी। जानकारी के अनुसार, एजेंसी ने करीब 12 ठिकानों पर कार्रवाई की थी। मोहाली के छज्जू माजरा इलाके में स्थित वेस्टर्न टावर्स सोसाइटी में एक आईटी कारोबारी नितिन के फ्लैट पर भी ईडी की टीम पहुंची थी। बताया जा रहा है कि नितिन को मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े एक ओएसडी का करीबी माना जाता है, हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। उस समय भी मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा था कि इन कार्रवाइयों का उनकी सरकार से कोई संबंध नहीं है और एजेंसियां अपना काम स्वतंत्र रूप से कर रही हैं।

राजनीतिक माहौल हुआ गर्म

लगातार हो रही ईडी की कार्रवाइयों के बाद पंजाब की राजनीति में माहौल गर्म हो गया है। आम आदमी पार्टी के नेताओं ने केंद्र सरकार पर राजनीतिक दबाव बनाने का आरोप लगाया है, जबकि विपक्षी दलों का कहना है कि जांच एजेंसियां कानून के तहत अपना काम कर रही हैं। फिलहाल ईडी की जांच जारी है और एजेंसी की ओर से विस्तृत जानकारी आने का इंतजार किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें: आज शनिवार के दिन किस राशि को करना पड़ेगा मुश्किलों का सामना? जानें 12 राशियों का राशिफल

Exit mobile version