Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारत चुनाव आयोग द्वारा जालंधर जिले में पोलिंग स्टेशनों के रैशनलाइजेशन को मंजूरी

August 2, 2026

भारत चुनाव आयोग द्वारा जालंधर जिले में पोलिंग स्टेशनों के रैशनलाइजेशन को मंजूरी

जालंधर: डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी वरजीत वालिया ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि भारत चुनाव आयोग द्वारा जिला जालंधर के पोलिंग स्टेशनों के रैशनलाइजेशन संबंधी भेजे गए प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। इस मंजूरी के बाद जिले में पोलिंग स्टेशनों की कुल संख्या 1926 से बढ़कर 1997 हो गई है। जिला चुनाव अधिकारी ने बताया कि रैशनलाइजेशन भारत चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार किया गया है।

उन्होंने बताया कि पोलिंग स्टेशनों के रैशनलाइजेशन संबंधी तैयार प्रस्ताव पर विचार-विमर्श के लिए सभी राजनीतिक पार्टियों के साथ मीटिंग की गई थी और पार्टियों की सहमति प्राप्त होने के बाद यह प्रस्ताव मुख्य चुनाव अधिकारी, पंजाब के माध्यम से भारत चुनाव आयोग, नई दिल्ली को भेजी गई थी, जिसे अब मंजूरी मिल गई है।

वालिया ने बताया कि मंजूरी मिलने के बाद विधानसभा हलकों के अनुसार पोलिंग स्टेशनों में हुई वृद्धि के मुताबिक विधानसभा हलका फिल्लौर में पोलिंग स्टेशनों की संख्या 242 से 244 (2 नए पोलिंग स्टेशन), विधानसभा हलका नकोदर 252 से 255 (3 नए पोलिंग स्टेशन), विधानसभा हलका शाहकोट 250 से 252 (2 नए पोलिंग स्टेशन), विधानसभा हलका करतारपुर 199 से 225 (26 नए पोलिंग स्टेशन), विधानसभा हलका आदमपुर 210 से 216 (6 नए पोलिंग स्टेशन), विधानसभा हलका जालंधर पश्चिमी 181 से 192 (11 नए पोलिंग स्टेशन), विधानसभा हलका जालंधर केंद्रीय 185 से 191 (6 नए पोलिंग स्टेशन), विधानसभा हलका जालंधर उत्तरी 195 से 204 (9 नए पोलिंग स्टेशन) और विधानसभा हलका जालंधर छावनी में पोलिंग स्टेशनों की संख्या 212 से 218 (6 नए पोलिंग स्टेशन और 3 पोलिंग स्टेशन मर्ज) हो गई है।

डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों को भी पोलिंग स्टेशनों के स्वीकृत रैशनलाइजेशन के बारे में सूचित किया जा रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें