
लुधियाना: धर्मपुरा के गुरुद्वारा साहिब में संक्रांति के मौके पर निशान साहिब का चोला साहिब बदलते समय भयानक हादसा हो गया। चोला साहिब बदलते समय निशान साहिब का हिस्सा बिजली की तारों से टकरा गया। जिससे चोला साहिब चढ़ा रहे चार सेवादारों को करंट लग गया। करंट लगने से एक सेवादार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन सेवादार गंभीर रूप से झुलस गए। लोगों ने उन्हें तुरंत सीएमसी अस्पताल पहुंचाया। मृतक की पहचान टिब्बा रोड निवासी अशोक कुमार के रूप में हुई है। वहीं घायल सेवादारों रणवीर सिंह, राजिंदर सिहं और जगजीत सिंह ढल्ल शामिल है।
घटना की सूचना मिलने के बाद विधायक अशोक पराशर पप्पी, पार्षद गौरवजीत गोरा व अन्य जन-प्रतिनिधि भी मौके पर पहुंच गए। वहीं गुरुद्वारा साहिब के प्रबंधकों ने मृत्तक अशोक कुमार के परिजनों को इस संबंध में जानकारी दी। मृत्तक अशोक कुमार के परिजनों का कहना है कि वो अक्सर धार्मिक स्थानों पर जाकर सेवा करता रहता था इसीलिए उसने शादी भी नहीं की थी। परिजनों का कहना है कि वो खाटू श्याम मंदिर व गुरुक्षरा साहिब में सेवा करने आता रहा था। गुरुद्वारा साहिब में सेवा करते हुए अचानक हादसे में उसकी मौत हो गई।
वहीं मौके पर उपस्थित लोगों का कहना है कि निशान साहिब का चोला साहिब चढ़ाते समय संतुलन बिगड़ा और निशान साहिब में लगी पाइप बिजली की तारों से टकरा गई जिससे पूरी पाइप में करंट आ गया और चार सेवादार करंट की चपेट में आ गए। वहां मौजूद अन्य लोगों ने बिजली सप्लाई बंद की और उसके बाद चारों को अलग किया लेकिन तब तक एक सेवादार की मौत हो चुकी थी। हालांकि लोग चारों को लेकर सीएमसी अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने अशोक कुमार को मृत घोषित कर दिया जबकि तीन सेवादारों का इलाज चल रहा है।
ये भी पढ़ें- सौरभ बेदी की बाहों में झूमती नजर आई मलाइका अरोड़ा, सोशल मीडिया पर उड़ी डेटिंग की अफवाहें