Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

पंजाब की 518 निजी और 20 सरकारी गौशालाओं के ₹111 करोड़ बिजली बिल माफ: उपाध्यक्ष

October 7, 2026

पंजाब की 518 निजी और 20 सरकारी गौशालाओं के ₹111 करोड़ बिजली बिल माफ: उपाध्यक्ष

श्री मुक्तसर साहिब: पंजाब सरकार की ओर से लोगों के कल्याण के साथ-साथ बेसहारा और बेजुबान गोवंश की सुरक्षा के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। यह बात पंजाब गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष कीमती भगत ने विधानसभा हलका लंबी के गांव बादल स्थित रेस्ट हाउस में जिले की गौशालाओं के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही।

538 गौशालाओं को बिजली बिलों में ₹111 करोड़ की राहत

कीमती भगत ने बताया कि पंजाब सरकार ने राज्य की 518 निजी और 20 सरकारी गौशालाओं के बिजली बिल माफ कर करीब ₹111 करोड़ की राहत दी है। इस अवसर पर श्री मुक्तसर साहिब जिले की विभिन्न गौशालाओं के प्रतिनिधियों को रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट भी वितरित किए गए।

उन्होंने कहा कि गौ सेवा आयोग की ओर से गोवंश के कल्याण को लेकर लगातार बैठकें और प्रयास किए जा रहे हैं।

518 गौशालाओं को ‘काऊ लिफ्टर’ उपलब्ध

उपाध्यक्ष ने बताया कि सरकार की ओर से राज्य की गौशालाओं को ‘काऊ लिफ्टर’ भी उपलब्ध करवाए गए हैं, जिससे घायल या बेसहारा गोवंश को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने में सुविधा होगी।

उन्होंने बताया कि ₹3.06 करोड़ की लागत से 518 गौशालाओं के लिए काऊ लिफ्टर खरीदे गए हैं और श्री मुक्तसर साहिब जिले की गौशालाओं को भी ये मशीनें उपलब्ध करवाई जा चुकी हैं।

प्रत्येक गोवंश के लिए प्रतिदिन ₹61 देने की तैयारी

कीमती भगत ने बताया कि गौशालाओं में मौजूद गोवंश के चारे और भोजन की व्यवस्था में मदद के लिए सरकार जल्द ही प्रति गोवंश ₹61 प्रतिदिन की राशि उपलब्ध करवाएगी। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पंजाब सरकार द्वारा नोटिफिकेशन भी जारी किया जा चुका है।

इसके अलावा गौ टैक्स से एकत्रित राशि भी जल्द ही गौशालाओं को उपलब्ध करवाने की बात कही गई।

गौशालाओं में चिकित्सा सुविधाओं पर भी जोर

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार इंसानों के साथ-साथ पशुओं के कल्याण के लिए भी काम कर रही है। गौशालाओं को मुफ्त बिजली देने के अलावा अब गोवंश को चिकित्सा सहायता और दवाइयां उपलब्ध करवाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने सभी कार्यकारी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में आने वाली प्रत्येक गौशाला का कम से कम महीने में एक बार दौरा करें, ताकि वहां सामने आने वाली समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

सड़कों से बेसहारा गोवंश हटाना आयोग का मुख्य उद्देश्य

उपाध्यक्ष ने कहा कि पंजाब गौ सेवा आयोग का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पंजाब की सड़कों पर बेसहारा गोवंश न रहे। सड़कों पर पशुओं की मौजूदगी से सड़क हादसों का खतरा बढ़ता है। इसके अलावा किसानों की फसलों को नुकसान और यातायात संबंधी समस्याएं भी पैदा होती हैं।

इस अवसर पर एसडीएम मलोट पंकज कुमार, जिला योजना बोर्ड के चेयरमैन सुखजिंदर सिंह काउणी, मार्केट कमेटी किलियांवाली के चेयरमैन गुरबाज सिंह बनवाला, डिप्टी डायरेक्टर पशुपालन डॉ. गुरदित्त सिंह सहित जिले की विभिन्न गौशालाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

📍 Location: Faridkot (Faridkot)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें