
मोगा: भारतीय जनता पार्टी को जिला मोगा में जमीनी स्तर पर मजबूत करने और युवाओं की संगठनात्मक गतिविधियों में भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से भाजपा युवा मोर्चा ने अपनी जिला टीम का विस्तार किया है। युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष गुरबीर सिंह रटौल ने नई टीम की घोषणा करते हुए विभिन्न पदों पर युवा नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस विस्तार को जिले में संगठन को नई मजबूती देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
जिला अध्यक्ष गुरबीर सिंह रटौल की ओर से घोषित नई टीम में टीनू गर्ग, मनप्रीत सिंह, गुरप्रीत सिंह, रमणदीप सिंह भट्टी और संदीप कौर को जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं वरुण जैतका और रुद्र शर्मा को जिला महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा गगनदीप सिंह लूंबा, साहिल शर्मा, भगवंत सिंह बराड़ और भूपिंदर सिंह को जिला सचिव नियुक्त किया गया है।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष गुरबीर सिंह रटौल ने कहा कि युवा किसी भी देश और समाज की रीढ़ होते हैं। युवाओं की ऊर्जा, मेहनत और नई सोच से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। भाजपा युवा मोर्चा का मुख्य उद्देश्य युवाओं को संगठन के साथ जोड़ने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना है।
उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में मोगा जिले के विभिन्न गांवों, कस्बों और शहरी क्षेत्रों में युवाओं को संगठन से जोड़ने के लिए विशेष संपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही युवाओं को सामाजिक गतिविधियों, जनकल्याण के कार्यों और जनहित से जुड़े मुद्दों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
रटौल ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की ओर से दी गई जिम्मेदारियां केवल सम्मान नहीं, बल्कि पार्टी और समाज के प्रति एक बड़ी जिम्मेदारी भी हैं। सभी पदाधिकारी आपसी तालमेल, अनुशासन, ईमानदारी और पूरी मेहनत के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाएं। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रियता और सामूहिक प्रयासों पर निर्भर करती है।
उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करते हुए जिला मोगा में भाजपा युवा मोर्चा की गतिविधियों को और तेज करेगी। अंत में उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
📍 Location: मोगा
मेष: दिन शुभ रहेगा...