
पटियाला: पंजाब में स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक तैयारियां तेज हो गई हैं। जानकारी के अनुसार, राज्य चुनाव आयोग ने पटियाला नगर निगम समेत तीन नगर निकायों में पुनर्मतदान का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके तहत पटियाला नगर निगम के 30, बाघा पुराना नगर परिषद के 15 और धर्मकोट नगर परिषद के 7 वार्डों में चुनाव करवाए जाएंगे। कुल 52 वार्डों में 28 नवंबर 2026 को मतदान होगा। उम्मीदवार 19 नवंबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे।
चुनाव आयोग के अनुसार, नामांकन प्रक्रिया आज, 13 नवंबर से शुरू हो गई है। 14, 15 और 16 नवंबर को छुट्टियों के कारण नामांकन नहीं होंगे। इसके बाद 17 से 19 नवंबर तक उम्मीदवार अपने पर्चे दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 20 नवंबर को होगी, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 21 नवंबर निर्धारित की गई है।
1.76 लाख मतदाता करेंगे मतदान
तीनों नगर निकायों में कुल 1,76,429 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 91,415 पुरुष, 84,999 महिलाएं और 15 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए कुल 150 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इनमें पटियाला में 123, बाघा पुराना में 20 और धर्मकोट में 7 बूथ स्थापित किए जाएंगे।
मतदान 28 नवंबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के माध्यम से होगा। हालांकि, मतगणना की तारीख को लेकर आयोग की ओर से अभी अलग से आदेश जारी किए जाएंगे।
उम्मीदवारों के चुनाव खर्च की सीमा भी तय
राज्य चुनाव आयोग ने चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों के खर्च की अधिकतम सीमा निर्धारित कर दी है। पटियाला नगर निगम के उम्मीदवार अधिकतम 4 लाख रुपये खर्च कर सकेंगे। वहीं, नगर परिषद क्लास-II के उम्मीदवारों के लिए यह सीमा 2.30 लाख रुपये रखी गई है।
नामांकन के साथ उम्मीदवारों को निर्धारित शपथ पत्र जमा करवाना होगा। राजनीतिक दलों के समर्थन से चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को पार्टी का प्राधिकरण पत्र भी देना अनिवार्य होगा। इसके अलावा उम्मीदवारों का KYC विवरण जिला प्रशासन की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा।
ये भी पढ़ें…
चुनाव क्षेत्रों में आचार संहिता लागू
चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही पटियाला, बाघा पुराना और धर्मकोट के संबंधित नगर निकाय क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है। यह चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक प्रभावी रहेगी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...