Last Updated: October 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

लुधियाना में पार्टी के दौरान दोस्तों से हुआ विवाद, धारदार हथियार से फैक्ट्री मालिक की हत्या

August 22, 2026

लुधियाना में पार्टी के दौरान दोस्तों से हुआ विवाद, धारदार हथियार से फैक्ट्री मालिक की हत्या

लुधियाना: शहर में गारमेंट प्रिंटिंग का काम करने वाले 40 वर्षीय फैक्ट्री मालिक की धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि पार्टी के दौरान दोस्तों के साथ किसी बात को लेकर बहस हुई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने कथित तौर पर वारदात को अंजाम दिया।

मृतक की पहचान जतिंदर राजपूत के रूप में हुई है, जो हैबोवाल के हरगोबिंद नगर में गारमेंट प्रिंटिंग का काम करता था। घटना के बाद आरोपी दोस्त मौके से फरार हो गए। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, मृतक के गले पर चोट के निशान मिले हैं। आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं। बताया जा रहा है कि घटना के बाद से संदिग्ध आरोपियों के मोबाइल फोन भी बंद आ रहे हैं।

थाना प्रभारी जसवीर सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सुबह करीब 9:30 बजे पार्टी के दौरान दोस्तों के बीच बहस हुई, जिसके बाद झगड़ा हो गया। इसी विवाद के दौरान जतिंदर राजपूत पर हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। उनकी गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा। अब देखना होगा कि पुलिस आरोपियों तक कब तक पहुंच पाती है और पूछताछ में इस मामले से जुड़े क्या-क्या राज सामने आते हैं।

📍 Location: Ludhiana (Ludhiana)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें