लुधियाना: शराब पीते हुए किसी बात को लेकर हुए विवाद में दोस्तों ने ही पीट-पीटकर फैक्टरी वर्कर की हत्या कर डाली। उन लोगों ने उसके चेहरे व सिर पर भी ईंटों से कई वार किए। वारदात के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। सूचना मिलने पर थाना हैबोवाल की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शवगृह में पहुंचाया। मृतक की पहचान माया नगर, घुमार मंडी के रहने वाले रिंकू के रूप में हुई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। जानकारी के मुताबिक घटना सोमवार रात की है। रिंकू अपने कुछ दोस्तों के साथ हैबोवाल के डेयरी कांप्लैक्स के निकट ठेके पर शराब पीने गया था।
शराब पीते हुए किसी बात को लेकर विवाद हो गया। यह विवाद हिंसक हो गया और रिंकू के दोस्तों ने उसे पीटना शुरू कर दिया। उन लोगों ने उसके चेहरे व सिर पर ईंटों से वार किए, जिससे रिंकू की वहीं मौत हो गई। मंगलवार सुबह ही परिवार वालों को उसकी मौत का पता चला। रिंकू के भाई का कहना है कि आरोपियों ने उसके भाई के सिर व चेहरे पर ईंटों से कई वार किए। रिंकू के 2 बेटियां व एक बेटा है। परिवार ने ही पुलिस को सूचना दी, जिस पर थाना हैबोवाल की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान हो गई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें- दुबई में भारतीय दूतावास ने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी, यात्रा को लेकर दी ये सलाह