Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

पुर्तगाल भेजकर सेटल कराने का झांसा, 22.44 लाख की ठगी

August 20, 2026

पुर्तगाल भेजकर सेटल कराने का झांसा, 22.44 लाख की ठगी

False promise of settling in Portugal : मोगा। विदेश भेजने और पुर्तगाल में पक्के तौर पर सेटल करवाने का झांसा देकर तीन युवाओं से 22.44 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत की जांच के बाद थाना बाघापुराना पुलिस ने एक महिला समेत दो लोगों के खिलाफ इमीग्रेशन एक्ट, धोखाधड़ी और गबन सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

थानेदार जनक राज ने बताया कि जसविंदर सिंह पुत्र मुकंद सिंह निवासी लंगेयाना पुराना, हाल आबाद शाहपुरा जिला जयपुर तथा बलबहादुर सिंह पुत्र महेंद्र सिंह निवासी चंदपुराना ने जिला पुलिस प्रमुख को शिकायत दी थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि उनके बेटे अकाशदीप सिंह तथा बेटियों किरणदीप कौर और रमन कौर को पुर्तगाल भेजकर वहां पक्के तौर पर सेटल करवाने के संबंध में उनकी बातचीत कमलजीत कौर पत्नी हरजिंदर सिंह निवासी डेहलो और सुखदेव सिंह पुत्र हरदीप सिंह निवासी ढुपाई, श्री हरगोबिंदपुर, बटाला के साथ हुई थी। शिकायतकर्ताओं के अनुसार दोनों आरोपियों ने विदेश भेजने और वहां पक्का सेटल करवाने का भरोसा देकर उनसे कुल 22,44,700 रुपये ले लिए।

रकम लेने के बाद जब उनसे विदेश भेजने अथवा आगे की प्रक्रिया के बारे में बातचीत की गई तो कथित तौर पर दोनों आरोपी टालमटोल करने लगे। इसके बाद उन्होंने जिला पुलिस प्रमुख के पास शिकायत दर्ज करवाई।एसएसपी मोगा ने मामले की जांच डीएसपी एनडीपीएस मोगा को सौंपी। जांच अधिकारी द्वारा मामले की जांच पूरी कर रिपोर्ट जिला पुलिस प्रमुख को सौंपी गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी मोगा के दिशा-निर्देशों पर थाना बाघापुराना पुलिस ने कमलजीत कौर और सुखदेव सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। थानेदार जनक राज ने बताया कि फिलहाल किसी भी कथित आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। आरोपियों की तलाश में पुलिस द्वारा छापेमारी की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें